Odisha Vigilance का एक्शन: 3 करोड़ के गबन आरोपी राजस्व कर्मी के ठिकानों पर छापे

Odisha Vigilance का एक्शन: 3 करोड़ के गबन आरोपी राजस्व कर्मी के ठिकानों पर छापे

ओडिशा सतर्कता विभाग ने तीन करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी धन के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार वरिष्ठ राजस्व सहायक (एसआरए) से जुड़े छह ठिकानों पर सोमवार को तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, जगतसिंहपुर जिले की नौगांव तहसील में वर्तमान में एसआरए के पद पर तैनात भांजा किशोर बेहरा तटीय जिले के तिर्तोल प्रखंड में एसआरए के रूप में कार्यरत रहने के दौरान कथित तौर पर इस धोखाधड़ी में शामिल था।

उसे 12 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। सतर्कता विभाग ने एक बयान में कहा, “वित्तीय वर्ष 2011-12 से 2021-22 तक चली विस्तृत जांच के दौरान हमें तिर्तोल प्रखंड कार्यालय में बेहरा, पूर्व एसआरए और मुख्य आरोपी द्वारा व्यवस्थित तरीके से की गई वित्तीय धोखाधड़ी का पता चला।”
उसने कहा कि बेहरा ने सरकारी वेतन रजिस्टर और धन वितरण संबंधी दस्तावेजों में जालसाजी और छेड़छाड़ कर कथित तौर पर धन का गबन किया। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान बेहरा ने कथित तौर पर गबन की रकम में से करीब दो करोड़ रुपये से सात हजार वर्ग फुट से अधिक जमीन पर आलीशान इमारत, टेंट हाउस और अन्य कीमती सामान खरीदने की बात स्वीकार की।

एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक चली तलाशी के दौरान सतर्कता टीम को उसके नाम पर दो बहुमंजिला इमारतें, टेंट हाउस में 30.44 लाख रुपये मूल्य का सामान, 210 ग्राम सोना और एक चार पहिया वाहन भी मिला। उन्होंने बताया कि तलाशी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *