Odisha: आय से अधिक संपत्ति मामले में सरकारी AEE तपन सेठी गिरफ्तार

Odisha: आय से अधिक संपत्ति मामले में सरकारी AEE तपन सेठी गिरफ्तार

ओडिशा सरकार के एक अभियंता से जुड़े सात ठिकानों पर की गई छापेमारी के बाद शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास तीन बहुमंजिला इमारतें, एक फार्महाउस, तीन कीमती भूखंड और लगभग 750 ग्राम सोना होने का खुलासा हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जाजपुर जिले के बडाचना उप-मंडल में सड़क एवं मकान निर्माण विभाग में सहायक अधिशासी अभियंता (एईई) तपन सेठी को आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन पर अपनी वैध कमाई से कहीं अधिक संपत्ति जमा करने के आरोप लगे थे। उन्होंने बताया कि कटक, भुवनेश्वर, पुरी और बडाचना में छापेमारी के दौरान सतर्कता विभाग के अधिकारियों को भुवनेश्वर, पुरी और कटक में तीन बहुमंजिला मकान, कटक में एक फार्महाउस, भुवनेश्वर और कटक में तीन कीमती भूखंड और 747 ग्राम सोना मिला।

अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान बैंकों और डाकघर में लगभग 21 लाख रुपये की जमा पूंजी, दो कारें, दो मोटरसाइकिलें और घर के अन्य कीमती सामान भी मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि कटक सतर्कता प्रकोष्ठ थाने में सेठी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सेठी 1997 में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के रूप में 5,000 रुपये के शुरुआती मासिक वेतन पर ओडिशा सरकार की सेवा में शामिल हुए थे।

उन्हें 2018 में सहायक अभियंता और 2022 में सहायक अधिशासी अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि वह अक्टूबर 2023 से बडाचना उप-मंडल में सहायक अधिशासी अभियंता के रूप में कार्यरत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *