कैथल में कार्य में अनियमितता पर ठेकेदार को नोटिस:गुहला विधायक द्वारा नगरपालिका अधिकारियों को फटकार लगाने का मामला, वीडियो आया था सामने

कैथल के सीवन में एक तालाब के कार्य में अनियमितता बरतने के मामले में नगरपालिका प्रबंधन की ओर से अब संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से आदेश जारी किए गए हैं कि काम को नियम के अनुसार किया जाए और इसमें सही सामग्री का प्रयोग किया जाए। साथ ही दो दिन में पुरानी सामग्री को हटाकर दोबारा नए सिरे से कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। काम सही न करने पर ठेकेदार को कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। बता दें कि इस कार्य के लिए नरवाना की एजेंसी को नगरपालिका की ओर से ठेका दिया गया है। विधायक का वीडियो आया था सामने इस मामले में गुहला विधायक देवेंद्र हंस द्वारा नगर पालिका के जेई को फटकार लगाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में विधायक ने जेई प्रवीण कुमार को कड़ी फटकार लगाई। वीडियो में विधायक ने कहा कि कि तालाब पर जो भी कार्य किया गया है, उसे तोड़कर दोबारा नियमों के अनुसार बनाया जाए। साथ ही जो निर्माण सामग्री तालाब के सौंदर्यीकरण में प्रयोग की गई है, उसके सैंपलों की जांच करवाई जाए कि वह नियम के अनुसार सही है या नहीं। अब उसी पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर काम दोबारा करने के आदेश दिए हैं। 35 लाख में होना है काम वीडियो को लेकर जब विधायक देवेंद्र हंस से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि इस तालाब के सौंदर्य करण के लिए नगर पालिका की ओर से करीब 35 लाख रुपए का ठेका दिया गया था, लेकिन काम में अनियमितता बरती गई। संबंधित जेई द्वारा भी इस मामले में कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई। भ्रष्टाचार सहन नहीं होगा विधायक ने यह भी बताया कि तालाब के सौंदर्यीकरण में प्रयोग की जा रही सामग्री तो सही नहीं मिली, दूसरी ओर तालाब को गहरा करने के लिए करीब 8 से 10 फीट तक मिट्टी उठाने का टेंडर था। मिट्टी भी 10 फुट से ज्यादा उठवा दी गई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता और पारदर्शिता प्राथमिकता मामले को लेकर नगरपालिका सीवन चेयरपर्सन हेमलता सैनी और उनके प्रतिनिधि संदीप सैनी ने कहा कि इस बारे में ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। काम को दोबारा नियम के अनुसार करने के आदेश दिए गए हैं। क्षेत्र में किसी भी प्रकार के घटिया या लापरवाहीपूर्ण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *