Noida Sports City में 70 प्रतिशत जमीन पर खेल सुविधाएं, संशोधित मास्टर लेआउट को मंजूरी

Noida Sports City में 70 प्रतिशत जमीन पर खेल सुविधाएं, संशोधित मास्टर लेआउट को मंजूरी

नोएडा के सेक्टर 150 स्पोर्ट्स सिटी में छह कोर्ट वाला टेनिस केंद्र, बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर, तीन स्विमिंग पूल, गोल्फ कोर्स और क्रिकेट अकादमी सहित कई खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि करीब 300 एकड़ में फैली इस परियोजना की 70 प्रतिशत भूमि खेल बुनियादी ढांचे के लिए निर्धारित की गई है।

यह जानकारी नोएडा प्राधिकरण की ओर से भूखंड एससी-02 के संशोधित समग्र विकास योजना (मास्टर लेआउट प्लान) को मंजूरी दिए जाने के कुछ दिन बाद सामने आई है। लोटस ग्रीन्स कंस्ट्रक्शंस इस परियोजना का विकास कर रही है। लंबे समय से अटकी इस परियोजना में 8,000 से अधिक मकान खरीदारों के हित जुड़े हैं।

मास्टर लेआउट प्लान किसी बड़े भूखंड या आवासीय अथवा व्यावसायिक परियोजना का ऐसा विस्तृत नक्शा होता है, जिसमें पूरी जमीन के इस्तेमाल की योजना दिखाई जाती है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित टेनिस केंद्र चार एकड़ में बनेगा। इसमें दो चैंपियनशिप कोर्ट होंगे।

इसके अलावा चार अभ्यास कोर्ट और उनसे जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। अधिकारी ने बताया कि काउंटी की भागीदारी से 2.90 एकड़ में बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर विकसित किया जाएगा। इसमें जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस, स्क्वैश, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और चट्टान पर चढ़ने के खेल की सुविधाएं होंगी।

इसके साथ जरूरी सहायक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। अधिकारी ने बताया कि करीब एक दशक पहले जब इस परियोजना के नक्शे को मंजूरी दी गई थी, तब गोल्फ कोर्स का क्षेत्रफल 24 एकड़ निर्धारित किया गया था। एलेडेगो के समर्थन वाली क्रिकेट अकादमी 5.71 एकड़ में विकसित की जाएगी।

इसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मानकों के अनुरूप क्रिकेट मैदान होगा। अधिकारी के अनुसार, योजना में चार एकड़ का बहुउद्देशीय खेल मैदान भी शामिल है। परियोजना में एक क्रिकेट सुविधा पहले से संचालित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *