नगर निगम पठानकोट और नगर कौंसिल सुजानपुर के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। निगम चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही दावेदारों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। टिकट के दावेदारों ने नामांकन दाखिल करने से सभी प्रकार की कागजी कार्रवाई पूरी करना शुरू कर दिया है। बुधवार को दिन भर निगम दफ्तर में प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर सप्लाई व सीवरेज समेत सभी तरह की एनओसी लेने में लगे रहे। इसके लिए निगम दफ्तर में दावेदारों की भीड़ जुटी, जिनसे केवल प्रापर्टी टैक्स ब्रांच ने ही 10 लाख कमाए हैं। 2 दिन में 265 लोगों ने हासिल की एनओसी
नगर निगम कार्यालय में 2 दिन से दावेदार लाइनों में लगकर टैक्स जमा करवा रहे हैं। 2 दिन में निगम में 260 से ज्यादा एनओसी लेने के लिए दावेदार आए जिनमें से ज्यादातर को टैक्स क्लियर होने पर एनओसी जारी कर दी गई। वहीं, इनमें कई लोग ऐसे भी पहुंचे। जिनका प्रापर्टी टैक्स, पानी-सीवरेज बिल का बकाया था। एनओसी लेने के लिए उन्हें बकाया जमा करवाना पड़ा। रोजाना 2 से 5 लोग ही आते थे
अधिकारियों का कहना है कि सामान्य तौर पर रोजाना एनओसी लेने वालों की संख्या 2-5 होती है, चूंकि अब निगम चुनाव घोषित हो चुके हैं इसलिए टिकट के दावेदारों ने अपने हरेक तरीके से ड्यूज क्लियर करने के लिए आवेदन किया ताकि उन्हें एनओसी मिल सके जिसके बाद टिकट के लिए अप्लाई कर सकेंगे। 16 मई नामांकन की आखिरी तारीख होगी: डीसी
डीसी व जिला चुनाव अधिकारी डॉ. पल्लवी ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी और 16 मई नामांकन की आखिरी तारीख होगी। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे।
नामांकन पत्रों की पड़ताल 18 मई को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की तारीख 19 मई है। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट किए जाएंगे। वोट डालने का काम 26 मई को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा। वोटों की गिनती 29 मई को की जाएगी और चुनाव के साथ संबंधित काम 1 जून तक मुकम्मल कर लिए जाएंगे। अप-टू-डेट टेक्स करवाएं जमा
नगर निगम सुपरिटेंडेंट पवन शर्मा ने कहा कि उम्मीदवार अपने घर, दुकान और प्लॉट का सारा टैक्स अप-टू-डेट जमा करा दें। चुनाव आयोग और जिला चुनाव अधिकारी की ओर से निर्देश हैं कि जो भी चुनाव के नामांकन के लिए आवेदन करेगा, उसे हमसे ‘नथिंग ड्यू सर्टिफिकेट'(NOC) लेना होगा।
स्टाफ नहीं कर पाया लंच
पवन शर्मा ने कहा कि हम लोगों को यह सर्टिफिकेट जारी कर रहे हैं। इस काम के लिए कल भी हमारे स्टाफ ने लंच ब्रेक नहीं लिया। हम अधिक से अधिक नए उम्मीदवारों को एनओसी जारी कर रहे हैं। हमारी कोशिश यही रहेगी कि यदि शाम 5 बजे के बाद भी 10-15 मिनट ऊपर हो जाते हैं, तो हम उन्हें पूरा सहयोग करेंगे। इस समय सरकार की ओर से 10% की छूट (रिबेट) भी मिल रही है, उन्हें इसका भी फायदा उठाना चाहिए। इस बहाने उनके सभी बकाया भी क्लियर हो जाएंगे। हथियार जमा कराने के आदेश
जिला पठानकोट में नगर निगम, नगर कौंसिल के अधिकार क्षेत्र में चुनाव के दौरान हर किस्म के हथियार लेकर चलने पर मुकम्मल तौर पर पाबंदी लगा दी गई है। प्रशासन ने आदेश जारी कर हथियार लाइसेंस धारकों को अपने हथियार 2 दिनों के भीतर संबंधित पुलिस थानों में जमा कराएं। आदेश सेना, पैरा मिलिट्री फोर्स और पुलिस जवानों पर लागू नहीं होगा।


