ग्वालियर में लॉ स्टूडेंट अपहरण केस में नया ट्विस्ट:छात्रा ने कोर्ट में कहा-‘जीतू ने अगवा किया था’; मुस्कुराहट वाले वीडियो के पीछे की बताई सच्चाई

ग्वालियर में लॉ स्टूडेंट अपहरण केस में नया ट्विस्ट:छात्रा ने कोर्ट में कहा-‘जीतू ने अगवा किया था’; मुस्कुराहट वाले वीडियो के पीछे की बताई सच्चाई

ग्वालियर में महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की छात्रा के अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया है। अब तक मामला ‘मर्जी से साथ जाने’ और ‘लव अफेयर’ की दिशा में जाता दिख रहा था, लेकिन छात्रा ने कोर्ट में दिए बयान में साफ कहा है कि आरोपी जीतू तोमर उसे जबरन अगवा कर ले गया था। छात्रा ने यह भी बताया कि वायरल वीडियो में उसकी मुस्कुराहट वास्तविक नहीं थी, बल्कि दबाव में दिया गया एक दिखावा था। दरअसल, बुधवार दोपहर कंपू थाना क्षेत्र स्थित लॉ कॉलेज के पास से आरोपी जीतू तोमर अपने एक साथी के साथ छात्रा को कार में बैठाकर ले गया था। घटना की जानकारी छात्रा की सहेली ने परिजनों और पुलिस को दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और करीब 24 घंटे के भीतर छात्रा और आरोपी को लखनऊ और कानपुर के बीच एक टोल प्लाजा के पास बस से बरामद कर लिया। पकड़े जाने से पहले आरोपी जीतू तोमर ने लखनऊ के एक होटल से सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। वीडियो में वह छात्रा को अपनी गर्लफ्रेंड बताते हुए कह रहा था कि दोनों अपनी मर्जी से साथ आए हैं और अपहरण की खबरें गलत हैं। वीडियो में छात्रा मुस्कुराती दिखाई दे रही थी, जिससे पुलिस की जांच भी उलझ गई थी। हालांकि, शुक्रवार को न्यायालय में दिए बयान में छात्रा ने पूरी कहानी बदल दी। उसने बताया कि अपहरण के बाद आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और मानसिक दबाव बनाया। जब पुलिस ने आरोपी के परिजनों पर कार्रवाई शुरू की, तब जीतू ने दोस्ती का हवाला देकर उसे इमोशनली ब्लैकमेल किया और वीडियो में मुस्कुराने के लिए कहा। आरोपी ने कैमरे के सामने बोलने का दबाव बनाया छात्रा के अनुसार, आरोपी चाहता था कि वह खुद कैमरे के सामने यह कहे कि वह अपनी मर्जी से उसके साथ आई है, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया। दबाव के चलते वह केवल मुस्कुरा दी, जिसके बाद आरोपी ने खुद वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी जीतू तोमर को एक दिन की रिमांड पर लिया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसके पास मिली अवैध पिस्टल कहां से आई। मामले में आरोपी का साथी चिराग गुर्जर और बिना नंबर की कार पहले ही पुलिस कब्जे में ले चुकी है। आरोपी को शनिवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में एएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि छात्रा ने अपहरण की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपी के पास मिले हथियार के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने पर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *