Suspicious Death Of Minor Student: जयपुर के अपार्टमेंट में 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए कुछ चिकित्सकीय निष्कर्षों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट में हाइमन फटा हुआ होने, निजी अंगों में सफेद स्राव तथा लालिमा और सूजन जैसी स्थितियों का उल्लेख किया गया है। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि ये संकेत हालिया शोषण की संभावना की ओर इशारा कर सकते हैं। ऐसे में अब जांच एजेंसियों के सामने ये पता लगाने की बड़ी चुनौती है कि आखिर किशोरी के साथ उस रात क्या हुआ था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एसीपी मानसरोवर को सौंप दी गई है। दो दिन तक चले धरने के बाद परिजनों ने मंगलवार को बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन उनके सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। 6 जून को आरयूएचएस अस्पताल में हुए पोस्टमॉर्टम की गायनोकोलॉजी रिपोर्ट में दर्ज टिप्पणियों ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।
रिपोर्ट आने के बाद फाइट फॉर राइट के अध्यक्ष सुनील उदेया और वैश्य सेना के अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, ‘हाई-सिक्योरिटी सोसायटी में नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या हो जाना बेहद शर्मनाक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो, अन्यथा पूरा समाज बड़ा आंदोलन करेगा।’
सबसे बड़ा सवाल: 13वीं मंजिल तक कैसे पहुंची किशोरी?
घटना 24 मई की शाम की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार किशोरी शाम करीब 7:20 बजे साइकिल के साथ सोसायटी परिसर में दाखिल हुई थी। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे उसका शव बी-ब्लॉक के पोर्च की छत पर मिला। जांच के दौरान 13वीं मंजिल से उसकी चप्पल और चश्मा बरामद हुए।
हैरानी की बात यह है कि अपार्टमेंट परिसर में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 21 लिफ्ट और दस से ज्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। यहां वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित कई उच्च पदस्थ लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि किशोरी 13वीं मंजिल तक कैसे पहुंची और उसके साथ उस दौरान क्या हुआ। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, लिफ्ट मूवमेंट रिकॉर्ड और सुरक्षा कर्मियों के बयानों की पड़ताल कर रही है।
मामले की फाइल आज ही प्राप्त हुई है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आदित्य काकड़े, एसीपी मानसरोवर


