दैनिक उपभोग का घेरलू सामान बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 36.32 प्रतिशत बढ़कर 1,026.77 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 743.17 करोड़ रुपये था। नेस्ले इंडिया ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उत्पादों की बिक्री से होने वाली आय जुलाई-सितंबर तिमाही में 20.45 प्रतिशत बढ़कर 6,782.17 करोड़ रुपये हो गई।
एक साल पहले की इसी अवधि में यह 5,630.23 करोड़ रुपये थी। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘इस तिमाही में सभी उत्पाद समूहों में मजबूत एवं व्यापक वृद्धि जारी रही। कुल बिक्री 20.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6,782.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
इसमें बिक्री की मात्रा में दोहरे अंक की मजबूत वृद्धि का योगदान रहा।’’
उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने ब्रांडों पर निवेश में उल्लेखनीय बढ़ोतरी के साथ परिचालन दक्षता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया। विज्ञापन और विपणन पर खर्च 46 प्रतिशत बढ़ा। उन्होंने कहा, ‘‘ कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) का मार्जिन 23.8 प्रतिशत के स्तर पर रहा।’’
समीक्षाधीन तिमाही में नेस्ले इंडिया का कुल खर्च 17 प्रतिशत बढ़कर 5,405.55 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की घरेलू बिक्री 20.4 प्रतिशत बढ़कर 6,514.74 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 5,411.02 करोड़ रुपये थी। नेस्ले इंडिया की निर्यात से होने वाली आय 22 प्रतिशत बढ़कर 267.43 करोड़ रुपये हो गई। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय 20.52 प्रतिशत बढ़कर 6,808.6 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले की इसी अवधि में यह 5,649.15 करोड़ रुपये थी।

