Nepal Flood: भारत ने भेजी 5.5 टन दवाओं की पांचवीं खेप और बचाव दल

Nepal Flood: भारत ने भेजी 5.5 टन दवाओं की पांचवीं खेप और बचाव दल

(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, दो सितंबर भारत ने बुधवार को बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए पांच टन से अधिक आवश्यक दवाओं की पांचवीं खेप भेजी और साथ ही 11 सदस्यीय बचाव दल भी रवाना किया गया। नेपाली अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह हिमालयी देश में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,000 से अधिक हो गई है। बचावकर्मियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों से और शव बरामद किए जाने के बाद मृतकों की संख्या में यह बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि आपातकालीन दलों ने 12,000 से अधिक लोगों को बचा लिया है, जबकि लगभग 4,000 लोग अब भी लापता हैं। खोज और बचाव अभियान जारी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है।

इसमें विशेष उपकरणों से लैस 11 सदस्यीय बचाव दल और 5.5 टन आवश्यक दवाएं भेजी गई हैं।’’
भारत अब तक नेपाल को कुल 68.5 टन राहत सामग्री पहुंचा चुका है। नयी दिल्ली ने खोज और बचाव अभियानों के लिए उपकरणों के साथ चिकित्सकों और पैरा चिकित्सकों की एक टीम तथा तकनीकी दल भी भेजा था। भारत ने राहत सामग्री की पहली खेप 26 अगस्त को भेजी थी, जिस दिन नेपाल में अचानक बाढ़ आई और तबाही मची थी।

यह खेप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने नेपाली समकक्ष बालेन्द्र शाह से बातचीत करने के कुछ घंटे बाद भेजी गई थी। मोदी ने शाह को स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *