Ravi Kishan Viral Memes: भोजपुरी फिल्मों से लेकर बॉलीवुड और राजनीति तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके पुराने इंटरव्यू, एक्सप्रेशन, डांस मूव्स और बोलने के अंदाज को लेकर लगातार मीम्स बनाए जा रहे हैं। देखते ही देखते रवि किशन इंटरनेट की दुनिया में एक नए मीम स्टार के तौर पर छा गए हैं। खास बात ये है कि रवि किशन खुद भी इस लोकप्रियता का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रवि किशन का अंदाज
एचटी सिटी के साथ बातचीत में रवि किशन ने अब बात की है। रवि किशन की बातचीत और उनके खास अंदाज के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। उनके कुछ डायलॉग, चेहरे के एक्सप्रेशन और इंटरव्यू के दौरान किए गए अंदाज को यूजर्स अलग-अलग मीम्स और मजेदार वीडियो में इस्तेमाल कर रहे हैं। यही वजह है कि उनका नाम लगातार सोशल मीडिया ट्रेंड्स और मीम कल्चर में नजर आ रहा है।
रवि किशन के मुताबिक, उन्होंने इस तरह की लोकप्रियता पाने के लिए कोई खास रणनीति नहीं बनाई थी। उनके लिए ये पूरा घटनाक्रम अचानक हुआ है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह खुद ऐसा कुछ नहीं कर रहे, बल्कि ये सब अपने आप हो रहा है।
Gen Z को दिया वायरल होने का क्रेडिट
रवि किशन का मानना है कि उनकी नई इंटरनेट लोकप्रियता के पीछे युवा पीढ़ी यानी Gen Z का बड़ा योगदान है। उनका कहना है कि जिस तरह से युवाओं ने उनके वीडियो और अंदाज को अपनाया है, उससे वह काफी खुश हैं।
अभिनेता ने कहा कि पहले शायद लोगों ने उन्हें इस तरह से नहीं देखा था, लेकिन अब युवा उनके बारे में और जानना चाहते हैं। उन्होंने Gen Z की क्रिएटिविटी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि इस पीढ़ी ने उन्हें अपने बीच का व्यक्ति माना है।
‘लॉर्ड रवि’ से लेकर ‘आज के ओशो’ तक नाम
सोशल मीडिया पर रवि किशन को लेकर यूजर्स तरह-तरह के मजेदार नाम और मीम्स बना रहे हैं। कई लोग उन्हें प्यार से अलग-अलग उपनामों से बुला रहे हैं। रवि किशन का कहना है कि इन सबके पीछे उन्हें लोगों का प्यार नजर आता है।
उनका मानना है कि आज के दौर में लोग परफेक्ट छवि से ज्यादा वास्तविक इंसान से जुड़ना पसंद करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे भी गलतियां होती हैं और शायद यही चीज लोगों को उनसे जोड़ती है। उनके मुताबिक, वह जो महसूस करते हैं, उसे सीधे दिल से कहने की कोशिश करते हैं और लोगों को उनकी यही बेबाकी पसंद आ रही है।
महादेव की कृपा मानते हैं रवि किशन
रवि किशन ने अपनी इस अचानक बढ़ी लोकप्रियता को आध्यात्मिक नजरिए से भी देखा। उन्होंने सावन के महीने का जिक्र करते हुए इसे महादेव का आशीर्वाद बताया। उनका कहना है कि परिवार और उनकी 85 वर्षीय मां भी सोशल मीडिया पर चल रहे इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरान हैं।
रवि किशन के अनुसार, सोशल मीडिया आज लोगों को जोड़ने का बेहद प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उनका मानना है कि अकेलेपन के इस दौर में जब लोगों को किसी व्यक्ति की बात या अंदाज मनोरंजन देता है, तो वे उससे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं।
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रवि किशन जल्द ही ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता फिल्म के लिए भी चर्चा का एक नया कारण बन गई है।


