NDA को हराकर निर्दलीय जीते थे सर्वेश कुमार, अब BJP ने बनाया प्रत्याशी; बिहार MLC चुनाव के लिए 4 नामों का ऐलान

NDA को हराकर निर्दलीय जीते थे सर्वेश कुमार, अब BJP ने बनाया प्रत्याशी; बिहार MLC चुनाव के लिए 4 नामों का ऐलान

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए BJP ने अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। दरभंगा स्नातक सीट से मौजूदा निर्दलीय MLC सर्वेश कुमार को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। 2020 में सर्वेश कुमार ने निर्दलीय चुनाव लड़कर NDA समर्थित JDU उम्मीदवार डॉ. दिलीप कुमार चौधरी को हराया था। 

Bihar MLC Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार विधान परिषद चुनाव की चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की लिस्ट में सबसे अहम फैसला दरभंगा ग्रेजुएट सीट को लेकर है, जहां BJP ने मौजूदा निर्दलीय MLC सर्वेश कुमार को मैदान में उतारा है। सर्वेश कुमार ने पिछले चुनाव में टिकट न मिलने पर बगावत कर दी थी, उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार को हराया था।

अब एनडीए में सीटों की अदला-बदली के बाद भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की जारी लिस्ट में पटना शिक्षक सीट के लिए प्रो. नवल किशोर यादव, कोसी संतक सीट के लिए डॉ. NK यादव, दरभंगा स्नातक सीट के लिए सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट के लिए नरेंद्र प्रसाद सिंह के नाम शामिल हैं।

सर्वेश ने 2020 में निर्दलीय जीता था चुनाव

दरभंगा स्नातक सीट का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा है। 2020 के चुनाव में गठबंधन समझौते के तहत यह सीट जदयू को दी गई थी, जिसकी वजह से सर्वेश कुमार को टिकट नहीं मिला। टिकट न मिलने पर उन्होंने पार्टी से बगावत की और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। उस समय इस सीट के लिए NDA के उम्मीदवार जदयू के डॉ. दिलीप कुमार चौधरी थे। चुनाव नतीजों में सर्वेश कुमार को 15,595 वोट मिले, जबकि दिलीप कुमार चौधरी 11,676 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, सर्वेश कुमार को विजेता घोषित किया गया था।

NDA के सीट-शेयरिंग समझौते ने बदला समीकरण

2026 के चुनाव के लिए NDA के अंदर सीट-शेयरिंग का समीकरण बदल गया है। दरभंगा स्नातक सीट BJP को दी गई है, जबकि दरभंगा शिक्षक सीट जदयू को मिली है। इसी बदले हुए समीकरण के बीच BJP ने किसी नए चेहरे को उतारने के बजाय दरभंगा स्नातक सीट के लिए मौजूदा निर्दलीय MLC सर्वेश कुमार पर भरोसा जताया है। जिस सीट पर सर्वेश कुमार ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में NDA समर्थित JDU प्रत्याशी को हराया था, उसी सीट से अब वह BJP के अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में होंगे।

BJP ने नवल किशोर और NK यादव को फिर से बनाया उम्मीदवार

BJP की लिस्ट में दो मौजूदा MLC को भी एक और मौका दिया गया है। प्रो. नवल किशोर यादव को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। वे 1996 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और 2020 तक लगातार पांच चुनाव जीत चुके हैं। पार्टी ने अब उन्हें छठे कार्यकाल के लिए मैदान में उतारा है।

इसी तरह, BJP ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. NK यादव को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वे मौजूदा MLC हैं और पार्टी ने इस सीट के लिए भी अपने मौजूदा प्रतिनिधि को ही बनाए रखा है।

वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने नरेंद्र प्रसाद सिंह को मैदान में उतारा है। वे पहले भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने 2008 में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का चुनाव जीता था।

JDU पहले ही कर चुकी है उम्मीदवारों का ऐलान

NDA की एक और सहयोगी पार्टी JDU पहले ही अन्य चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय और सारण शिक्षकनिर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर को मैदान में उतारा है।

23 अक्टूबर को 8 सीटों के लिए वोटिंग

बिहार विधान परिषद की कुल आठ सीटों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें चार ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र और चार टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के शेड्यूल के अनुसार, नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। नॉमिनेशन पेपर्स की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नॉमिनेशन वापस ले सकते हैं। इन सभी सीटों के लिए वोटिंग 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक खत्म हो जाएगी।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *