Navratri Hairstyle Ideas: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस दिन कई महिलाएं पारंपरिक कपड़े पहनकर पूजा, गरबा और डांडिया नाइट के लिए तैयार होती हैं। ऐसे में आउटफिट के साथ हेयरस्टाइल भी एथनिक लुक को खास बनाने में अहम भूमिका निभाती है। अगर आप भी नवरात्रि के पहले दिन ट्रेडिशनल के साथ स्टाइलिश दिखना चाहती हैं, तो यहां दिए गए हेयरस्टाइल आइडियाज से तैयार हो सकती हैं। आइए जानते हैं एथनिक लुक के लिए ऐसे ही कुछ आसान और खूबसूरत हेयरस्टाइल आइडियाज।
गजरे के साथ बन
अगर आप चनिया चोली, लहंगा या साड़ी पहन रही हैं, तो गजरे वाला बन आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए बालों को अच्छी तरह कंघी करके पीछे की ओर जूड़ा बना लें। अब जूड़े के चारों ओर गजरा लगाएं। चाहें तो आगे से बालों की कुछ लटें निकालकर सॉफ्ट लुक दे सकती हैं। यह हेयरस्टाइल ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ अच्छी लगती है।
हाफ अप हाफ डाउन हेयरस्टाइल
अगर आपको बाल खुले रखना पसंद है, तो हाफ अप हाफ डाउन हेयरस्टाइल एक अच्छा विकल्प है। इसमें सिर के ऊपर के बालों को लेकर पीछे की तरफ पिन या छोटी क्लिप से सेट कर लें और बाकी बाल खुले रखें। बालों को हल्का कर्ल करने से लुक और भी आकर्षक लग सकता है। यह हेयरस्टाइल गरबा नाइट के साथ-साथ पूजा के लिए भी अच्छी रहेगी।
ट्रेडिशनल चोटी के साथ परांदा
नवरात्रि के पहले दिन पारंपरिक लुक में तैयार होना चाहती हैं, तो चोटी के साथ परांदा लगा सकती हैं। बालों में बीच की मांग निकालकर चोटी बनाएं और उसमें रंगीन परांदा लगा लें। अपने आउटफिट से मैच करता हुआ परांदा चुनने से पूरा लुक एक जैसा और खूबसूरत नजर आएगा।
साइड ब्रेड हेयरस्टाइल
अगर आप खुले बालों के साथ कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो साइड ब्रेड बना सकती हैं। इसके लिए बालों को एक तरफ करके ढीली चोटी गूंथें और बाकी बालों को खुला छोड़ दें। चोटी में छोटे फूल या हेयर एक्सेसरी लगाकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है।
लो बन के साथ मांग टीका
नवरात्रि के पहले दिन ट्रेडिशनल लुक को खास बनाने के लिए लो बन भी ट्राई कर सकती हैं। बालों को पीछे की ओर समेटकर गर्दन के पास जूड़ा बनाएं। इसके साथ मांग टीका या छोटे पारंपरिक हेयर पिन लगाएं। यह हेयरस्टाइल लहंगे और साड़ी के साथ अच्छी लगती है। अगर आप गरबा खेलने वाली हैं, तो जूड़े को अच्छी तरह पिन से सुरक्षित करें, ताकि बाल बार-बार चेहरे पर न आएं।
हेयरस्टाइल चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
- अपने आउटफिट और ज्वेलरी के हिसाब से हेयरस्टाइल चुनें।
- गरबा और डांडिया खेलने जा रही हैं, तो ऐसी हेयरस्टाइल बनाएं जो आसानी से न खुले।
- बालों को सेट करने के लिए जरूरत के अनुसार हेयर पिन और हल्का हेयर स्प्रे इस्तेमाल कर सकती हैं।
- हेयरस्टाइल को बहुत ज्यादा मुश्किल बनाने के बजाय ऐसी स्टाइल चुनें, जिसे आप आसानी से बना सकें।

