Nagaur : महीनों से चल रहा नशे का खेल, पुलिस बीट से लेकर अफसरों तक किसी को भनक नहीं?, हनुमान बेनीवाल ने उठाया सवाल

Nagaur : महीनों से चल रहा नशे का खेल, पुलिस बीट से लेकर अफसरों तक किसी को भनक नहीं?, हनुमान बेनीवाल ने उठाया सवाल

Hanuman Beniwal : RLP सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि बिना पुलिस कप्तान वाला नागौर जिला इन दिनों ड्रग्स माफियाओं और अवैध खनन माफियाओं का ऐशगाह बना हुआ है। नागौर जिले में लगातार एमडी बनाने और नशे की तस्करी के नेटवर्क सामने आना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। सवाल यह है कि ये नेटवर्क चंद दिनों में तो खड़े नहीं हुए होंगे और महीनों से चल रहे इस पूरे खेल की भनक पुलिस के बीट से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को ना हो ऐसा हो नहीं सकता? जब प्रत्येक थाने में पुलिस की बीट व्यवस्था है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि फिर इतने बड़े नशे के नेटवर्क फलते-फूलते कैसे रहे?

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछना चाहता हूं कि आज नागौर में ड्रग्स माफिया, नशे के तस्कर और खनन माफिया बेखौफ नजर आ रहे हैं। आम आदमी और युवा असुरक्षित हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने वाला कोई नजर नहीं आ रहा क्यों? नशे के कारोबारियों पर न केवल छोटी-मोटी कार्रवाई, बल्कि पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कठोर कार्रवाई जरूरी है।

नागौर में एमडी बनाने वाली दूसरी फैक्टरी पकड़ी

पुलिस ने ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर के तहत शुक्रवार को कार्रवाई कर एक सप्ताह में एमडीएमए (एमडी) बनाने वाली दूसरी फैक्टरी पकड़ी। गत 10 अगस्त को शहर की दीप कॉलोनी में पकड़ी गई फैक्टरी के मालिक आरोपी महावीर की निशानदेही पर पुलिस ने जोधपुर रोड स्थित एक किराए के मकान में चल रही एमडीएमए बनाने की एक और फैक्टरी पकड़ी। यहां से पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार व कच्चा माल बरामद किया।

एएसपी आशाराम चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि फैक्टरी से 5.418 किलो तैयार एमडीएमए, 2.744 किलो केमिकल, 24 प्रकार के विभिन्न केमिकल करीब 210 लीटर और एमडीएमए बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीन व अन्य उपकरण बरामद किए है। पुलिस ने बरामद सामग्री का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 100 करोड़ रुपए से अधिक बताया है। दीप कॉलोनी की फैक्टरी से खुला राज पुलिस के अनुसार गत 10 अगस्त को दीप कॉलोनी में एमडीएमए बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई थी। वहां से करीब 20 करोड़ रुपए मूल्य की एमडीएमए बनाने की सामग्री बरामद कर लूणसरा हाल दीप कॉलोनी नागौर निवासी महावीर (28) पुत्र हनुमान जाट को गिरफ्तार किया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *