नयी दिल्ली, चार अक्टूबर उपलब्धता की कमी और मांग बढ़ने के बीच बीते सप्ताह सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया जबकि नई फसलों की आवक के बीच मूंगफली तेल-तिलहन और बिनौला तेल कीमतें गिरावट के साथ बंद हुईं। मलेशिया में गिरावट के बीच पाम-पामोलीन के दाम में भी गिरावट आई। सूत्रों ने कहा कि बीते सप्ताह उपलब्धता की कमी और कच्ची घानी के तेल मिलों की बढ़ती मांग के कारण सरसों तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर भी सरसों तेल की मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के लिए सोयाबीन तेल-तिलहन की भी स्थानीय मांग बढ़ रही है। बड़े प्लांट वालों की ओर से भी सोयाबीन की अच्छी मांग है।
अधिक आयात होने के कारण अब भी सोयाबीन तेल की लागत से 2-3 रुपये प्रति किलो के कम दाम पर बिक्री बदस्तूर जारी है। इन परिस्थितियों के बीच बीते सप्ताह सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम भी सुधार के साथ बंद हुए। सूत्रों ने कहा कि मलेशिया और इंडोनेशिया में पाम तेल का स्टॉक बढ़ने से विदेशों में पाम तेल का वायदा कारोबार में दाम टूटा है।
जिसकी वजह से बीते सप्ताह स्थानीय स्तर पर भी पाम-पामोलीन तेल के दाम में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि बिनौला की नई फसल की आवक बढ़ने के कारण बिनौला तेल पर भी दबाव दिखा और पिछले सप्ताहांत के मुकाबले बीते सप्ताह इसके दाम गिरावट दर्शाते बंद हुए। बीते सप्ताह सरसों दाना 150 रुपये के सुधार के साथ 8,400-8,450 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों तेल दादरी 300 रुपये के सुधार के साथ 17,000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों पक्की एवं कच्ची घानी तेल क्रमश: 40-40 रुपये के सुधार के साथ क्रमश: 2,765-2,865 रुपये और 2,765-2,915 रुपये टिन (15 किलो) पर बंद हुआ।
समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन दाना और सोयाबीन लूज का थोक भाव क्रमश: 100-50 रुपये के सुधार के साथ क्रमश: 6,050-6,100 रुपये और 5,750-5,850 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। इसी प्रकार, दिल्ली में सोयाबीन तेल 100 रुपये के सुधार के साथ 15,250 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन इंदौर तेल 50 रुपये के सुधार के साथ 15,000 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। सोयाबीन डीगम तेल 100 रुपये सुधार के साथ 12,200 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
नई फसल की आवक बढ़ने के कारण बीते सप्ताह मूंगफली तिलहन का दाम 150 रुपये की गिरावट के साथ 7,400-7,850 रुपये क्विंटल, मूंगफली तेल गुजरात 500 रुपये की गिरावट के साथ 16,500 रुपये क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 75 रुपये की गिरावट के साथ 2,605-2,905 रुपये प्रति टिन पर बंद हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में सीपीओ तेल का दाम 25 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 13,425 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। पामोलीन दिल्ली 150 रुपये की गिरावट के साथ 15,350 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स कांडला तेल 100 रुपये की गिरावट के साथ 14,100 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
नई फसल की आवक शुरू होने के कारण बीते सप्ताह बिनौला तेल का दाम 450 रुपये की गिरावट के साथ 14,550 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

