Mumbai Local Train Update: मुंबई लोकल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मध्य रेलवे (Central Railway) ने रविवार (18 अक्टूबर) को इंजीनियरिंग और मेंटेनेंस कार्यों के चलते उपनगरीय नेटवर्क के कुछ हिस्सों में मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। इसका असर ठाणे-कल्याण, पनवेल-वाशी हार्बर और ट्रांस-हार्बर रेल मार्गों पर पड़ेगा। इस दौरान कुछ लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के देरी से चलने की संभावना है।
वहीं, पश्चिम रेलवे (Western Railway) के मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर रविवार को कोई जंबो ब्लॉक नहीं लिया जाएगा और वहां ट्रेनें सामान्य रूप से चलेंगी।
ठाणे-कल्याण के बीच सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक मेगा ब्लॉक
मध्य रेलवे के अनुसार, ठाणे और कल्याण के बीच पांचवीं और छठी लाइन पर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कई अप और डाउन मेल तथा एक्सप्रेस ट्रेनों को ठाणे-कल्याण के बीच फास्ट लाइनों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके कारण संबंधित ट्रेनें अपने गंतव्य पर लगभग 10 से 15 मिनट की देरी से पहुंच सकती हैं।
इन एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ेगा असर
ब्लॉक के दौरान प्रभावित होने वाली अप दिशा की प्रमुख ट्रेनों में सोलापुर-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस, राजगीर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस, काकीनाडा पोर्ट-एलटीटी एक्सप्रेस, बनारस-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी मुंबई मेल, हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस, कोयंबटूर-एलटीटी एक्सप्रेस, नांदेड़-सीएसएमटी राज्यरानी एक्सप्रेस और चेन्नई-सीएसएमटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।
डाउन दिशा में सीएसएमटी-कोल्हापुर कोयना एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस और एलटीटी-तिरुवनंतपुरम नेत्रावती एक्सप्रेस प्रभावित होंगी।
वसई रोड-दिवा MEMU ट्रेनें भी प्रभावित
ठाणे-कल्याण के बीच ब्लॉक के कारण वसई रोड और दिवा के बीच चलने वाली दो MEMU सेवाओं के परिचालन में भी बदलाव किया गया है।
वसई रोड से सुबह 9.50 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 61003 वसई रोड-दिवा MEMU कोपर स्टेशन तक ही चलेगी। वहीं, दिवा से सुबह 11.30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 61004 दिवा-वसई रोड MEMU अब कोपर से सुबह 11.45 बजे रवाना होगी।
ब्लॉक के दौरान दिवा और कोपर के बीच MEMU सेवा रद्द रहेगी।
हार्बर लाइन पर कई लोकल ट्रेनें रद्द
पनवेल-वाशी हार्बर लाइन पर सुबह 11.05 बजे से शाम 4.05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। यह ब्लॉक पोर्ट लाइन पर लागू नहीं होगा।
इस दौरान पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर जाने वाली सुबह 10.33 बजे से दोपहर 3.49 बजे के बीच रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।
इसी तरह, CSMT से बेलापुर और पनवेल की ओर जाने वाली डाउन हार्बर लाइन की सुबह 9.45 बजे से दोपहर 3.12 बजे के बीच रवाना होने वाली लोकल सेवाएं भी रद्द रहेंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ब्लॉक की अवधि में CSMT और वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाएगा।
ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी सेवाएं प्रभावित
ट्रांस-हार्बर लाइन पर पनवेल से ठाणे की ओर सुबह 11.02 बजे से दोपहर 3.53 बजे के बीच रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, ठाणे से पनवेल की ओर सुबह 10.01 बजे से दोपहर 3.20 बजे के बीच रवाना होने वाली सेवाएं भी रद्द रहेंगी।
हालांकि, ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन पर ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
पश्चिम रेलवे के यात्रियों को राहत
रविवार को जहां मध्य रेलवे के कुछ मार्गों पर मेगा ब्लॉक के कारण लोकल और एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी, वहीं पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर कोई जंबो ब्लॉक नहीं होगा। पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनें नियमित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।

