Western Railway Revised Timetable: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं को लेकर बड़ी खबर है। पश्चिम रेलवे (Western Railway) 1 सितंबर से मुंबई उपनगरीय ट्रेनों का संशोधित टाइमटेबल लागू करने वाला है। इंडियन एक्सप्रेस के रिपोर्ट के अनुसार, नए शेड्यूल में कई लोकल ट्रेनों के समय, रूट और स्टॉपेज में बदलाव किया गया है। हालांकि, रोजाना चलने वाली कुल लोकल सेवाओं की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। पश्चिम रेलवे अभी रोजाना 1,414 उपनगरीय सेवाएं संचालित करती है। नए टाइमटेबल के तहत 6 नई सेवाएं शुरू की जा रही हैं, जबकि इतनी ही यानी 6 मौजूदा सेवाएं बंद की जाएंगी।
एसी लोकल की संख्या 145 से बढ़कर 147
नए टाइमटेबल में AC लोकल ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई गई है। अब रोजाना 145 की जगह 147 वातानुकूलक लोकल (AC Local) सेवाएं चलेंगी। चर्चगेट और बोरीवली के बीच दो नई एसी सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें एक एसी लोकल चर्चगेट से शाम 5:28 बजे रवाना होगी, जबकि दूसरी बोरीवली से शाम 6:24 बजे चलेगी।
भायंदर से विरार के लिए सुबह नई लोकल
नई सेवाओं में भायंदर (BYR) से विरार जाने वाली सुबह की लोकल भी शामिल है। यह ट्रेन सुबह 7:46 बजे भायंदर से रवाना होकर 8:12 बजे विरार पहुंचेगी। इसके अलावा बोरीवली से भायंदर और विरार के बीच देर शाम की सेवाएं भी जोड़ी गई हैं। बांद्रा से चर्चगेट के लिए दोपहर 11:58 बजे एक नई सेवा शुरू की गई है। यह दोपहर 12:30 बजे चर्चगेट पहुंचेगी। देर रात की विरार-बोरीवली लोकल ट्रेन रात 11:51 बजे विरार से रवाना होगी और रात 12:26 बजे बोरीवली पहुंचेगी।
6 पुरानी लोकल सेवाएं बंद
नई सेवाएं शुरू करने के साथ वेस्टर्न रेलवे ने 6 मौजूदा सेवाओं को बंद करने का फैसला किया है। इनमें दो एसी फास्ट लोकल और चार अन्य लोकल ट्रेनें शामिल हैं, जो चर्चगेट, बोरीवली तथा बोरीवली-चर्चगेट रूट पर चलती हैं। रद्द की गई सर्विस BO94137, BCL90359, BO90483, BCL90911, BO94138 और BO90540 शामिल हैं।
कुछ लोकल ट्रेनों के स्टॉपेज में भी बदलाव
नए टाइमटेबल में सिर्फ ट्रेन के समय ही नहीं, बल्कि स्टॉपेज में भी बदलाव किया गया है। चर्चगेट से विरार जाने वाली दो लोकल ट्रेनें अब बोरीवली स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। वहीं, चर्चगेट से बोरीवली जाने वाली एक एसी स्लो लोकल को गोरेगांव तक बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद वह वापस लौटेगी।

