Mumbai में Metro निर्माण का बैरिकेड गिरने से 54 वर्षीय बाइक सवार की मौत

Mumbai में Metro निर्माण का बैरिकेड गिरने से 54 वर्षीय बाइक सवार की मौत

मुंबई में मेट्रो निर्माण कार्य के लिए लगाया गया भारी लोहे का बैरिकेड मोटरसाइकिल सवार पर गिरने से 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह हादसा शुक्रवार को घाटकोपर के एलबीएस रोड पर हुआ।

पार्कसाइट थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर के अशोक नगर निवासी वसीम हैदर रिजवी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बायोटेक कंपनी की इमारत के पास करीब छह बाई आठ फुट का लोहे का बैरिकेड अचानक उनके ऊपर गिर गया। पुलिस के अनुसार, रिजवी को तत्काल उपचार के लिए सरकारी राजवाड़ी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पार्कसाइट पुलिस ने बाद में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

मुंबई में मेट्रो निर्माण परियोजनाओं के दौरान सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड इलाके में मेट्रो निर्माण स्थल पर कंक्रीट की दीवार का एक हिस्सा वाहनों पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *