पुणे, पांच अक्टूबर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) में सुधार की मांग को लेकर पुणे में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सात या आठ अक्टूबर को मुलाकात कर सकते हैं। प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच एमपीएससी के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे, परीक्षाओं के प्रारूप सहित विभिन्न मांगों को लेकर पुणे में तीन अलग-अलग स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। रविवार को प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पवार ने कहा, ‘‘अब तक सभी दलों के नेता इस आंदोलन में शामिल हो चुके हैं।
छात्रों द्वारा किसी भी राजनीतिक नेता को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है, वे अपनी मर्जी से आ रहे हैं। मैं राज्य सरकार से आग्रह करता हूं कि वह एमपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे पर जल्द फैसला करे।’’
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘अगर राज्य सरकार कैबिनेट बैठक में छात्रों के पक्ष में फैसला नहीं लेती है, तो हमें आंदोलन का दूसरा रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।’’
सरकार को चेतावनी देने के लिए उन्होंने ‘जेन जी’ की में कहा, ‘यू आर डन, ब्रो!’ (अब तुम्हारा खेल खत्म!)
रोहित पवार ने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि राहुल गांधी सात या आठ अक्टूबर को पुणे आ सकते हैं। कांग्रेस की युवा इकाई के नेता भी यहां प्रदर्शन कर रहे हैं और वे दिल्ली में राहुल गांधी की टीम के संपर्क में हैं।’’
उन्होंने बताया कि चक्का जाम करने या मुंबई तक मार्च निकालने के संबंध में प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।
पेपर लीक के आरोपों के बीच महाराष्ट्र सरकार ने एमपीएससी के सचिव महेंद्र उत्तमराव हरपालकर की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी। एमपीएससी अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद सरकार ने 30 सितंबर को आश्वासन दिया था कि संविधान के अनुच्छेद 317 के तहत पूर्व और वर्तमान एमपीएससी अध्यक्षों व सदस्यों के कामकाज की तीन माह के भीतर न्यायिक जांच कराई जाएगी। सरकार ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

