मथुरा के गणेशरा स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा का समापन हो गया। इस अवसर पर मथुरा की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि यह स्पर्धा मथुरा जनपद के खिलाड़ियों के लिए एक ऐसा मंच है, जहां से वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सांसद ने विशेष रूप से बालिकाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने, मेहनत करने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। पिछले कई दिनों से चल रही इस स्पर्धा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती सहित अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन के दिन फाइनल मुकाबलों को देखने के लिए गणेशरा स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित रहे। अंत में सांसद हेमा मालिनी ने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि मथुरा की खेल प्रतिभाएं आने वाले समय में देश का गौरव बढ़ाएंगी।


