Bareilly News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को नौमहला वार्ड की मलिन बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में सांसद, मेयर, विधायक और डीएम सड़क पर झाड़ू लेकर उतरे और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान में जनसुनवाई और जनकल्याणकारी योजनाओं के शिविर लगाए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। नगर निगम की ओर से आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, नालियों और आसपास के क्षेत्रों की व्यापक सफाई कराई गई। साथ ही नागरिकों को प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना और मलिन बस्तियों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
बस्ती में पहुंचा प्रशासन
कार्यक्रम के तहत आयोजित सरकार आपके द्वार जनसमस्या समाधान शिविर में पेंशन, विद्युत, पूर्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई। विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नौमहला मलिन बस्ती की सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने स्वच्छता ही सेवा की शपथ भी ली।

सांसद का दावा- पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहीं योजनाएं
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार अब पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से शिविर में आकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील करते हुए अधिकारियों को गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने का माध्यम है। यदि शहर स्वच्छ रहेगा तो नागरिक भी स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने लोगों से घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
क्लीन बरेली-हेल्थी बरेली बने जनआंदोलन
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मलिन बस्ती के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को क्लीन बरेली-हेल्थी बरेली की भावना के साथ आगे आना होगा। सरकार की मंशा है कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने शिविर और स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


