मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने मंगलवार को भोपाल स्थित निर्वाचन सदन से उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने प्रदेश में 7, 8 और 9 अक्टूबर को पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत तीनों दिन प्रदेश के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। झा ने कहा कि शिविर के दौरान किसी भी मतदाता से फॉर्म-6 के अलावा कोई घोषणा पत्र नहीं लिया जाए। सभी जिला उप निर्वाचन अधिकारी इसका पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म लिए जाएंगे। इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए भी एडवांस में फॉर्म जमा कराए जाएं। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी है। पात्र मतदाता voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। झा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और खास तौर पर युवाओं को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा भी की। इंदौर और विदिशा में अच्छी प्रगति पर अधिकारियों की सराहना की, जबकि पिछड़े जिलों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

