मोरिंगा के हेल्थ बेनिफिट्स के बारे में हर कोई जानता है और इसलिए इसे किसी ना किसी तरह अपनी डाइट में शामिल करने की कोशिश करता है। लेकिन क्या आपको पता है कि यही मोरिंग यानी सहजन आपकी स्किन के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। जी हां, मोरिंगा की पत्तियों में कई पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो स्किन को बहुत अधिक लाभ पहुंचाते हैं।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि सहजन लगाते ही चेहरे पर रातोंरात निखार आ जाएगा। लेकिन सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो इससे आपको अपनी स्किन में एक बड़ा फर्क देखने को मिल सकता है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
इसे भी पढ़ें: Beauty Tips: घर पर Herbal Pedicure और Sugar Scrub से पैरों को बनाएं खूबसूरत और मुलायम
स्किन को मिलेगी फ्रेशनेस
कई बार नींद पूरी न होने, लगातार काम करने या दिनभर बाहर रहने की वजह से चेहरा बुझा-बुझा सा लगने लगता है। ऐसे में सहजन की पत्तियों का इस्तेमाल करना अच्छा विचार है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को बाहरी कारणों से होने वाले नुकसान से बचाने में भी सहायक माने जाते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें- एक छोटी चम्मच सहजन का चूर्ण लें और उसमें थोड़ा सादा दही मिलाकर पतला लेप बना लें। इसे चेहरे पर कुछ मिनट लगाकर रखें और फिर पानी से धो लें।
मुंहासों को करे कम
अगर आपके चेहरे पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं, तो एक बार मोरिंगा का इस्तेमाल करके देखें। इसमें ऐसे तत्व पाए जाते हैं जिनमें सूजन कम करने और ऑक्सीडेशन से बचाने में मददगार साबित हो सकते हैं। हालांकि, अगर मुंहासे बहुत ज्यादा हैं या लगातार निकल रहे हैं, तो किसी त्वचा विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।
कैसे इस्तेमाल करें- मुंहासों वाली त्वचा पर सहजन का चूर्ण और सादा पानी मिलाकर बहुत हल्का लेप लगाएं। इसे रगड़ें नहीं और जलन महसूस हो तो तुरंत धो लें।
त्वचा को बनाए चमकदार
चेहरा साफ होने के बाद भी अगर त्वचा बेजान लगती है, तो इसका कारण केवल धूल-मिट्टी नहीं होता। धूप, प्रदूषण, तनाव और रोजमर्रा की भागदौड़ भी त्वचा पर असर डाल सकती है। ऐसे में मोरिंग में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट स्किन के लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें- सहजन के चूर्ण में थोड़ा दही मिलाकर हल्का लेप बनाएं। चेहरे पर लगाकर सूखने से पहले धो लें और बाद में अपनी सामान्य नमी देने वाली क्रीम लगाएं।
बालों का रूखापन करें कम
मोरिंगा स्किन के साथ-साथ बालों के लिए भी उतना ही फायदेमंद है। दरअसल, बालों में बार-बार गर्म उपकरणों का इस्तेमाल, धूप और प्रदूषण उन्हें रूखा बना सकता है। सहजन के बीजों से बना तेल बालों को मुलायम महसूस कराने और उनमें चमक लाने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसे बाल झड़ने का इलाज या नए बाल उगाने का उपाय नहीं समझना चाहिए। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसकी असली वजह पता करना ज्यादा जरूरी है।
कैसे इस्तेमाल करें- थोड़ा-सा सहजन का तेल लेकर सिर की त्वचा और बालों की लंबाई पर हल्के हाथों से लगाएं। कुछ समय बाद बाल धो लें।
– मिताली जैन

