Ranji Trophy: स्टार भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आगामी रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के लिए हैदराबाद सीनियर टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने शुक्रवार को इस संबंध में घोषणा की, जिसकी पुष्टि मोहम्मद सिराज की ओर से भी की गई है। वहीं, 32 वर्षीय लेफ्ट-आर्म स्पिनर चामा मिलिंद को उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
मोहम्मद सिराज ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में भी हैदराबाद की बागडोर संभाली थी। उन्होंने राहुल सिंह की जगह टीम का नेतृत्व किया था। उन्होंने मुंबई और छत्तीसगढ़ के खिलाफ हैदराबाद टीम की कप्तानी की थी। हालांकि, वह दोनों घरेलू मुकाबलों में अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके थे।
मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में मुंबई की ओर से पहली पारी में सरफराज खान ने दोहरा शतक लगाया था, जबकि सिद्धेश लाड ने शतकीय पारी खेली थी। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत मुंबई ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी।
छत्तीसगढ़ के खिलाफ जिमखाना ग्राउंड में एम. अभिरथ, के. जिमितेजा और प्रग्नय रेड्डी के शतकों से हैदराबाद ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत बना ली थी, लेकिन आखिरी दिन अमनदीप खरे ने नाबाद शतक लगाकर छत्तीसगढ़ को मुकाबला बचाने में मदद की। छत्तीसगढ़ और हैदराबाद के बीच खेला गया यह मुकाबला ड्रॉ रहा था।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन का आगाज कब
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन का आगाज 11 अक्टूबर से हो रहा है। हैदराबाद को एलीट ग्रुप-बी में आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, पंजाब, सौराष्ट्र और त्रिपुरा के साथ रखा गया है। हैदराबाद अपने अभियान की शुरुआत त्रिपुरा के खिलाफ करेगा, जहां दोनों टीमें 11 से 14 अक्टूबर तक होने वाले मुकाबले में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी।
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खेले थे सिराज
स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खेला था, जहां उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। मोहम्मद सिराज ने साउथ जोन के लिए दोनों पारियों को मिलाकर कुल 41 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन केवल एक विकेट ही चटका सके। इसके चलते साउथ जोन खिताब जीतने से चूक गया। ईस्ट जोन ने 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया।

