MLC चुनाव में कांग्रेस की हार पर JDU का तंज, संजय झा बोले- ऐसी कॉमेडी तो कॉमेडियन भी नहीं लिख सकते

MLC चुनाव में कांग्रेस की हार पर JDU का तंज, संजय झा बोले- ऐसी कॉमेडी तो कॉमेडियन भी नहीं लिख सकते

JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह एक तरह की कॉमेडी है, जिसकी स्क्रिप्ट कोई कॉमेडियन भी नहीं लिख सकता। 

MLC Election Result: विधान परिषद चुनावों के नतीजों के बाद NDA नेताओं ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटा हुआ है और यह ऐसी कॉमेडी है जिसकी स्क्रिप्ट शायद कोई पेशेवर कॉमेडियन भी नहीं लिख पाएं।

अपनी मौजूदा सीटें भी हार गई कांग्रेस

संजय झा ने चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा 1 नवंबर को प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी अपने दिल्ली चलो मार्च का खूब प्रचार कर रहे हैं, वहीं MLC चुनाव के नतीजे जमीनी हकीकत की एक बिल्कुल अलग तस्वीर ब्यान कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने कई राज्यों में MLC सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी। इतना ही नहीं, बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों में तो पार्टी के मौजूदा सदस्य भी अपने पारंपरिक गढ़ों में हार गए।

संजय झा ने पूछा- बैलट पेपर पर चुनाव हुआ, अब क्या बहाना बनाएंगे?

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के खिलाफ कांग्रेस के लगातार विरोध पर तंज कसते हुए संजय झा ने कहा कि भले ही MLC चुनाव किसी पार्टी की राजनीतिक स्थिति को एकमात्र पैमाना नहीं हो सकते, लेकिन 28 में से एक भी सीट न जीत पाना सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव बैलेट पेपर के ज़रिए कराए गए थे, जिसकी कांग्रेस हमेशा से वकालत करती रही है। बैलेट पेपर से मतदान होने के बावजूद पार्टी का इस तरह पूरी तरह से सफाया हो जाना, कांग्रेस की कमजोरियों को उजागर करता है और उसके घटते प्रभाव को लेकर सवाल खड़े करता है।

दिल्ली चलो नहीं, पटना और बेंगलुरु छोड़ो – संजय झा

संजय झा ने तंज कसते हुए कहा कि मतदाताओं का साफ संदेश है कि ‘दिल्ली चलो’ नहीं, बल्कि ‘बेंगलुरु छोड़ो, पटना छोड़ो, लखनऊ छोड़ो और मुंबई छोड़ो’। अपनी बात खत्म करते हुए संजय झा ने कहा कि एक समय ऐसा आता है जब इस तरह की राजनीतिक नौटंकी खत्म कर कड़वी सच्चाई का सामना करना ही पड़ता है। चुनाव में लगातार हो रही हार के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व जिस तरह का अहंकार दिखा रहा है, वह जनता के मिजाज से पूरी तरह मेल नहीं खाता।

  

​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *