‘Mirzapur The Movie’ का ट्रेलर Out, कालीन भैया का फिर दिखेगा भौकाल, हिंसा-खून और गाली-गलौज से भरपूर है झलक

‘Mirzapur The Movie’ का ट्रेलर Out, कालीन भैया का फिर दिखेगा भौकाल, हिंसा-खून और गाली-गलौज से भरपूर है झलक

Mirzapur The Movie:मिर्जापुर‘ के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और रसिका दुग्गल स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का मोस्टअवेटेड ट्रेलर मंगलवार को मुंबई में एक खास इवेंट के दौरान रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर में वही पुराना भौकाल, सत्ता की लड़ाई, हिंसा और खून-खराबा नजर आ रहा है, लेकिन इस बार कहानी का दायरा बड़े पर्दे तक पहुंच गया है।

‘मिर्जापुर’ के 3 सीजन दर्शकों को गद्दी, गैंगवार और बदले की कहानी में उलझाए रखने के बाद अब मेकर्स इसी दुनिया को फिल्म के रूप में लेकर आ रहे हैं। ट्रेलर की झलक से साफ है कि बड़े पर्दे के लिए कहानी को शानदार लेवल पर पेश करने की कोशिश की गई है।

कालीन भैया की गद्दी पर फिर नजर

ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के अंदाज में नजर आते हैं। कहानी उस दौर की तरफ लौटती दिख रही है, जब कालीन भैया मिर्जापुर पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं। हालांकि, गद्दी को कायम रखना उनके लिए आसान नहीं है और सत्ता की इस लड़ाई में कई मुश्किलें उनका इंतजार कर रही हैं।

ट्रेलर में बड़े लेवल पर एक्शन, हिंसा और खून-खराबा देखने को मिलता है। इसके साथ ही ‘मिर्जापुर’ की पहचान रहे गाली-गलौज और बोल्ड कंटेंट की झलक भी दिखाई गई है। यानी फिल्म में मेकर्स ने सीरीज के उस अंदाज को बरकरार रखने की कोशिश की है, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था।

पंकज त्रिपाठी से लेकर अली फजल तक के दिखेंगे पुराने चेहरे

ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी के साथ अली फजल, दिव्येंदु और रसिका दुग्गल भी अपने पुराने किरदारों में नजर आते हैं। सभी स्टार्स की झलक ने फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। रवि किशन भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा हैं। हालांकि, उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। यही वजह है कि ‘मिर्जापुर’ की दुनिया में रवि किशन की एंट्री कहानी में क्या नया मोड़ लाएगी, इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

फिल्म में एक बड़ा बदलाव बबलू के किरदार को लेकर है। सीरीज में इस किरदार को विक्रांत मैसी ने निभाया था, लेकिन फिल्म में उनकी जगह जितेंद्र कुमार नजर आएंगे। विक्रांत मैसी के बबलू वाले किरदार को ‘मिर्जापुर’ में काफी पसंद किया गया था। ऐसे में जितेंद्र कुमार इस भूमिका को किस अंदाज में निभाते हैं, यह फिल्म की रिलीज के बाद देखने वाली बात होगी।

4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘मिर्जापुर द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘मिर्जापुर’ के 3 सफल सीजन के बाद इस कहानी का फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर आना अपने आप में खास है। ट्रेलर से फिल्म के बड़े लेवल और पुराने किरदारों की वापसी की झलक मिल चुकी है। अब देखना होगा कि ‘मिर्जापुर’ का ये भौकाल बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना पसंद आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *