इंदौर के विधानसभा-3 के वार्ड 57 में शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जनता चौपाल लगाकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। चौपाल से पहले महापौर ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। महापौर ने कहा कि इंदौर जनभागीदारी के लिए दुनिया में जाना जाता है। यही शहर की स्वच्छता व विकास की सबसे बड़ी ताकत है। वार्ड 57 में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेज किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद सुरेश टाकलकर, एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष भरत पारख, महापौर प्रतिनिधि भावेश दवे, जोनल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद रहे। महापौर ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताया, लेकिन कुछ कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। महत्वपूर्ण सुविधाओं पर दीर्घकालिक काम शुरू जेल रोड, लोधी मोहल्ला, नारायण बाग, पंतवेद नगर और रामबाग का दौरा करते हुए महापौर ने मेट्रो निर्माण से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं पर दीर्घकालिक काम शुरू किया है। फिलहाल कुछ असुविधाएं हो सकती हैं, लेकिन पूरा होने पर शहर को लंबे समय तक लाभ मिलेगा। जनता चौपाल में नागरिकों ने ध्वनि प्रदूषण, मस्जिदों से तेज आवाज, संकरी बेकलाइन के बार-बार चोक होने, चूहों की समस्या और स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती संख्या जैसे मुद्दे उठाए। महापौर ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण के मामलों में कलेक्टर से चर्चा हो चुकी है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को छोटी गलियों का सर्वे कर अवरुद्ध लाइनों की तत्काल सफाई कराने और ब्रिज में बने गैप को तेजी से ठीक करने के निर्देश दिए। रहवासियों ने ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर सख्त नियम बनाने की मांग की। वहीं लोखंडे पुल पर भारी ट्रैफिक के कारण पैदल यात्रियों को हो रही परेशानी भी प्रमुख मुद्दा रही। नलों के आसपास गंदगी से मच्छरों की बढ़ोतरी की शिकायत पर महापौर ने सफाई अमले को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जलकर बिल मोबाइल पर आने के कारण भुगतान में लापरवाही के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नगर निगम पारदर्शी और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था पर काम कर रहा है।


