भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच ने तोड़ दिए व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड, वॉच टाइम ने भी चौंकाया

भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच ने तोड़ दिए व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड, वॉच टाइम ने भी चौंकाया

India vs Pakistan viewership Record: बांग्‍लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्‍तान सरकार की ओर से टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में भारत के मैच के बॉयकॉट की धमकियों के बाद ऐसा लगा मानों अब ये दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलेंगे। इसके बाद हफ्तों तक खूब ड्रामा हुआ। आईसीसी की ओर प्रतिबंधों की चेतावनी के बाद भी कई दिन तक पाकिस्‍तान अड़ा रहा। इसके बाद लाहौर में इमरजेंसी मीटिंग हुई, जिसमें बांग्‍लादेश के साथ कई देशों की ओर से भी मैच का बहिष्‍कार नहीं करने का अनुरोध किया गया। तब कहीं जाकर पाकिस्‍तान सरकार ने अपना फैसला वापस लिया और कोलंबो में मैच खेला गया। शायद यह बॉयकॉट के ड्रामे का ही नतीजा है कि इस महामुकाबले ने व्‍यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए है।

इंडिया-पाकिस्तान का नया रिकॉर्ड

भारत में ऑफिशियल ब्रॉडकास्ट और डिजिटल पार्टनर जियोस्‍टार के अनुसार, जियोहॉटस्‍टार पर भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले ने 163 मिलियन (16.30 करोड़) की डिजिटल रीच दर्ज की है, जो पहले कभी नहीं देखी गई थी। यह किसी भी आईसीसी टी20 इवेंट के लिए सर्वाधिक मैच रीच है। इसने भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के डिजिटल व्यूअरशिप को भी पीछे छोड़ दिया।

रीच में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी

रिपोर्ट के अनुसार, 2024 एडिशन में भारत-पाकिस्तान मैच के मुकाबले रीच में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। अकेले मोबाइल पर यह किसी भी आईसीसी टी20 इवेंट के लिए सबसे ज्‍यादा लीग-स्टेज रीच बन गया, जो पिछले भारत-पाकिस्तान मुकाबले के नंबरों से 1.2 गुना अधिक है। कनेक्टेड टीवी (CTV) पर रीच 2024 के मैच से 2.4 गुना अधिक रही।

वॉच टाइम ने भी चौंकाया

इतना ही नहीं टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्‍तान मुकाबले के वॉच टाइम ने भी चौंका दिया है। मैच ने स्क्रीन पर कुल 20 बिलियन मिनट का वॉच टाइम का रिकॉर्ड बनाया है, जो पिछले एडिशन के मैच के मुकाबले 42 प्रतिशत अधिक है। माना जा रहा है कि अगर फाइनल में भारत और पाकिस्‍तान का मुकाबला होता है तो ये रिकॉर्ड भी टूट सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *