Manipur के कांगपोकपी में 3 गिरफ्तार, सुरक्षा बलों ने बरामद किया हथियारों और कारतूसों का जखीरा

Manipur के कांगपोकपी में 3 गिरफ्तार, सुरक्षा बलों ने बरामद किया हथियारों और कारतूसों का जखीरा

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जलावन की लकड़ियां इकट्ठा कर रहे मेइती समुदाय के 14 पुरुषों पर संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले और उनमें से तीन के मारे जाने के एक दिन बाद हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में से दो ने सुनेरोक पहाड़ियों में लकड़ियां इकट्ठा करने गए लोगों पर हमला करने वाले उग्रवादियों के समूह में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनकी पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है। यहां पुलिस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) ल्हारी दोरजी ल्हातू ने कहा, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और कोबरा की संयुक्त टीमों ने सोमवार देर शाम से एस. फाइलेनकोट और आसपास के गांवों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।’’
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने कहा, ‘‘तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच के दौरान उनमें से दो ने सुनेरोक पहाड़ियों में तीन लोगों की हत्या करने वाले हमलावरों के दल में शामिल होने की बात स्वीकार की है।’’ उन्होंने कहा कि घटना में तीसरे व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है। ल्हातू ने कहा कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से मिली जानकारी के आधार पर एक इंसास राइफल, एक एम-16 राइफल, एक ए-1 राइफल, एक एके-47 राइफल, एक स्नाइपर राइफल, सिंगल-बोर की तीन राइफल और हस्तनिर्मित एक रॉकेट लॉन्चर बरामद किया गया है।

इसके अलावा विभिन्न हथियारों के 1,095 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सीनाई शिविर के आसपास के इलाके में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान 17 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन लोगों की पहचान शिविर के केएनओ/केएलए कैडर की सूची से मेल नहीं खाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *