फतेहपुर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत दो डीएसपी के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि एक कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर नई तैनाती दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी सूची के अनुसार, डीएसपी सिटी गौरव शर्मा को उनके पद से हटाकर यातायात/अपराध और यूपी 112 की कमान सौंपी गई है। वहीं, प्रमोद कुमार शुक्ला, जो पहले यातायात/अपराध और यूपी 112 का प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें डीएसपी सिटी नियुक्त किया गया है। सदर कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन से श्रवण कुमार सिंह को सदर कोतवाली प्रभारी का कार्यभार सौंपा गया है। रविवार सुबह हुए इन तबादलों में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना सुनील कुमार सिंह को भी पुलिस लाइन भेजा गया है। साइबर थाना में तैनात कमर खान को अब साइबर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक के पीआरओ ने बताया कि यह तबादले कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने की एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद से पुलिस विभाग में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं।


