Sanjana Shejwal Case: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वानखेड़ेनगर इलाके में 24 साल की नवविवाहिता संजना निलेश शेजवल की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति खुद को सरकारी विभाग में बड़ा अफसर बताकर शादी की थी, लेकिन बाद में पता चला कि उसने झूठ बोला था। इसके बाद संजना को ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में बेगमपुरा थाने में केस दर्ज किया है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सरकारी अधिकारी बताकर कराया रिश्ता, पिता ने कर्ज लेकर की शादी
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, संजना जालना निवासी रावसाहेब मगरे की बेटी थी। उसने कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा किया था। परिजनों के अनुसार, निलेश शेजवल का रिश्ता यह बताकर आया था कि वह सरकारी सेवा में उच्च पद पर कार्यरत है। निलेश के पिता के भी सरकारी विभाग में काम करने की बात कही गई थी। इस पर भरोसा करके संजना के पिता ने कर्ज लेकर 4 जून 2026 को धूमधाम से बेटी की शादी कर दी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद पति के सरकारी अधिकारी होने का दावा झूठा निकला। इसके बाद संजना की जिंदगी में परेशानियां बढ़ने लगीं।
खाना बनाने और कपड़ों को लेकर ताने देने का आरोप
मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि संजना को खाना बनाने के तरीके, कपड़े पहनने और छोटी-छोटी बातों को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे। परिजनों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले संजना ने अपनी मां को फोन कर ससुराल में हो रही परेशानी के बारे में बताया था। वह फोन पर रोने लगी और उसने कहा कि वह खाना भी नहीं खाएगी। इसके बाद उसके पिता ने उसे समझाया और शांत होकर सोने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार, संजना रोज फोन करती थी, लेकिन मंगलवार सुबह उसका फोन नहीं आया। इससे परिवार को चिंता हुई और बाद में उन्हें दुखद घटना की जानकारी मिली।
अस्पताल पहुंचते ही पति और ससुराल वालों के फरार होने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, संजना ने घर के ऊपरी कमरे में फांसी लगा ली थी। इसके बाद ससुराल वाले उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। दोपहर करीब चार बजे जब जालना से उसके मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली। परिवार ने आरोप लगाया कि उनके अस्पताल पहुंचते ही पति निलेश और ससुराल के अन्य सदस्य वहां से चले गए। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बेगमपुरा पुलिस थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, मामले में पुलिस कार्रवाई और आरोपों की जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। संजना की मौत के बाद उसके परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

