महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शामिल भाजपा नेता पराग शाह ने हाल में अपनी सुरक्षा व्यवस्था, गाड़ियां और महंगी चीजें छोड़कर एक भिखारी का वेश धारण किया और मुंबई के घाटकोपर की सड़कों पर एक दिन लोगों से भीख मांगते हुए बिताया, जिससे उन्हें ‘‘जिंदगी की हकीकत’’ को करीब से देखने का मौका मिला। घाटकोपर (पूर्व) से विधायक शाह का भिखारी के वेश में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुरुआत में उनका यह अजीबोगरीब रूप देखकर लोग दंग रह गए, लेकिन बाद में उनके ऐसा करने की वजह सामने आई।
सफल कारोबारी शाह ने बताया कि उन्होंने जैन आध्यात्मिक गुरु नम्रमुनि की सलाह पर यह अनुभव किया। अपने गुरु की सलाह पर विधायक ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था, वाहन और महंगी चीजों से दूरी बनाई। उन्होंने ऐसा मेकअप कराया कि लोग उन्हें पहचान न सकें और वह कई घंटे तक भिखारी के वेश में सड़कों पर रहे।
अपने अनुभव को साझा करते हुए शाह ने कहा, ‘‘लोग आपके सम्मान और प्रतिष्ठा के कारण आपसे मिलने के लिए कतार में खड़े होते हैं। लेकिन जब मैं उन्हीं लोगों के बीच जाता हूं तो वे मुझसे भी बड़े नजर आते हैं। यही जिंदगी की हकीकत है।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ने कहा कि इस अनुभव से उन्हें मुंबई के लोगों के मददगार स्वभाव को भी करीब से देखने का मौका मिला।
शाह ने बताया, ‘‘किसी ने मुझे 20 रुपये दिए और कहा, ‘जाओ बाबा, खाना खा लो।’ वहां एक समोसे वाला था। मैं उसके पास गया और एक समोसा लिया, तो उसने बिना कोई पैसे लिए मुझे समोसा दे दिया। मैंने एक बात देखी कि मुंबई शहर ऐसा है, जहां लोग हमेशा एक-दूसरे की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा अपना अनुभव है… जब मैंने समोसे वाले से कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं, तब भी उसने मुस्कुराते हुए मुझे समोसा दे दिया।
वह व्यक्ति बहुत छोटा-सा, गरीब ठेले वाला था, लेकिन उसने एक बार भी मुंह नहीं बनाया और मुझे समोसा दे दिया।’’
रियल एस्टेट क्षेत्र में सक्रिय शाह ने न केवल लोगों से भीख मांगी, बल्कि उन्हें जो खाना मिला, उसे खाया भी और सड़क किनारे भिखारी की तरह बैठकर समय बिताया। बाद में उन्होंने इस अनुभव के बारे में अपने गुरु के साथ-साथ अन्य लोगों को भी बताया। इसके बाद शाह ने मेकअप हटाकर उन जगहों का दोबारा दौरा किया, जहां वह भिखारी के रूप में गए थे।
उन्होंने उन्हीं लोगों से फिर बातचीत की। इससे उन्हें लोगों की प्रतिक्रिया को समझने और उस पर विचार करने का मौका मिला, जबकि उन लोगों को उनकी असली पहचान के बारे में पता नहीं था। शाह अपनी बड़ी संपत्ति के लिए जाने जाते हैं।
2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में भाजपा नेता ने 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी। उस समय वह राज्य के सबसे अमीर उम्मीदवार थे। रियल एस्टेट कारोबारी से नेता बने शाह पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पार्षद भी रहे हैं।

