महराजगंज (उप्र), आठ अक्टूबर उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक शिविर में विस्फोट दिखाने वाला डिजिटल रूप से संपादित वीडियो सोशल मीडिया पर कथित तौर पर डालने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान फैयाज अहमद के रूप में हुई है।
उसे बुधवार को परसामलिक पुलिस ने गिरफ्तार किया और बाद में शांति भंग करने के एक मामले में अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि नौ सेकंड के इस वीडियो में अहमद एक खेत में खड़ा होकर कैमरे की ओर इशारा करता दिखाई देता है। इसके बाद संपादित दृश्य प्रभाव के जरिए एसएसबी के सेवतरी स्थित शिविर में बड़ा विस्फोट और आग की लपटें दिखाई गई हैं।
इस शिविर में बल की 22वीं बटालियन तैनात है। वीडियो पर बड़े अक्षरों में ‘‘अब करो कॉपी’’ लिखा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर बनाया गया यह वीडियो पुलिस और एसएसबी अधिकारियों के संज्ञान में आया, जिसके बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को सतर्क किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो डिजिटल रूप से छेड़छाड़ कर तैयार किया गया था और एसएसबी शिविर में वास्तव में कोई विस्फोट नहीं हुआ था। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि वीडियो के बारे में पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई और डिजिटल निगरानी के जरिए उसके स्रोत का पता लगाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने वीडियो के स्रोत और उसे साझा करने वाले खाते का पता लगाया, जिसके बाद अहमद की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपी के इंस्टाग्राम खाते से वीडियो हटा दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है। सिद्धार्थ ने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया है।
वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने से जुड़े परिस्थितियों की आगे जांच की जा रही है।

