कोलकाता, आठ अक्टूबर सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बृहस्पतिवार को कहा कि नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के साथ जुड़ने वाले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने दलबदल रोधी कानून के तहत उन्हें अयोग्य ठहराने के अनुरोध वाली याचिका पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा जारी नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब नोटिस का जवाब भेजने के लिए दी गई समयसीमा आठ अक्टूबर को समाप्त हो रही है। बागी सांसदों में शामिल घोष दस्तीदार ने कहा कि सांसद अब तक जवाब तैयार करने के लिए जरूरी सभी दस्तावेज इकट्ठा नहीं कर पाए हैं, इसलिए उन्होंने लोकसभा सचिवालय से और समय देने का अनुरोध किया है।
घोष दस्तीदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जवाब भेजने की हमारी समय-सीमा आज खत्म होने वाली है। हमने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर 15 दिन का और समय देने का अनुरोध किया है।’’
लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को तय समय-सीमा के भीतर जवाब देने के लिए आठ अक्टूबर तक का समय दिया था। हालांकि, समयसीमा नजदीक आने तक उनकी कानूनी टीम जवाब तैयार नहीं कर सकी जिसके बाद सांसदों ने अतिरिक्त समय का अनुरोध किया है।
दलबदल रोधी प्रावधानों के तहत सांसदों के खिलाफ के कार्रवाई के अनुरोध वाली याचिका के बाद अयोग्यता संबंधी नोटिस जारी किए गए थे। बागी सांसदों ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस छोड़ने और एनसीपीआई के साथ जुड़ने के उनके फैसले से अयोग्यता का प्रावधान लागू नहीं होता। घोष दस्तीदार ने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे कोलकाता में इन 20 सांसदों की बैठक होगी।
इस बैठक में लोकसभा के नोटिस और आगे की कार्रवाई पर चर्चा होने की उम्मीद है।

