भरतपुर में तीन मिनट तक महिला की गर्दन दबोचे रहा लेपर्ड, घसीटने की कोशिश; फिर ऐसे बची जान

भरतपुर में तीन मिनट तक महिला की गर्दन दबोचे रहा लेपर्ड, घसीटने की कोशिश; फिर ऐसे बची जान

Bharatpur Leopard Attack News: राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ। तेजनगर गांव की रहने वाली 52 साल की चंद्रवती गेहूं काटने अपने बेटे के साथ गई थी। इसी बीच झाड़ियों में छिपा लेपर्ड अचानक बाहर निकला और महिला पर झपट पड़ा। इस हमले की महिला को भनक लेपर्ड ने भनक तक नहीं लगने दी।

गर्दन दबोची, घसीटने की कोशिश

महिला के अनुसार लेपर्ड ने सीधे उसकी गर्दन को जबड़ों में जकड़ लिया और उसे जमीन पर गिराकर घसीटने लगा। साथ ही उसने चेहरे और मुंह पर पंजों से वार किए, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं। करीब दो से तीन मिनट तक वह उसकी गर्दन दबोचे रहा। महिला ने बताया कि उस दौरान सांस लेना मुश्किल हो गया और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा था। वह लगातार खुद को छुड़ाने की कोशिश करती रही।

इन जगहों पर किया वार

लेपर्ड ने महिला पर अचानक से हमला किया। महिला के कान पर लेपर्ड के दांत के निशान बने है। गर्दन पर दबोचने के निशान भी स्पष्ट है, जिससे गर्दन पर गहरा जख्म हो गया है। चेहरे पर भी दातों से दबोचने के निशान है। हाथ पर दांत-पंजे के निशान बने हुए है।

बेटे की सूझबूझ से बची जान

घटना के समय पास में मौजूद बेटे श्रीकांत ने जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ और शोरगुल देखकर लेपर्ड महिला को छोड़कर भाग गया। अगर कुछ चंद सेकंडों की देर हो जाती तो महिला की जान भी जा सकती थी।

महिला अस्पताल में भर्ती, गांव में दहशत

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत रूपवास अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके गले और हाथ का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले कभी लेपर्ड नहीं देखा गया था। इस बार अचनाक से हमले के साथ लेपर्ड देखा गया है। लोग इससे दहशत में आ गए हैं।

वन विभाग अलर्ट, ड्रोन से सर्च

सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ड्रोन की मदद से खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक किसी प्रकार का कोई स्पष्ट मूवमेंट नहीं मिला है। आपको बता दें, अधिकारियों ने यह भी कहा कि ये अभी स्पष्ट नहीं है कि हमला करने वाला जानवर लेपर्ड ही था। फिलहाल प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने और समूह में काम करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *