Lata Mangeshkar Birth Anniversary: केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Lata Mangeshkar Birth Anniversary: केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और भारतीय संगीत में उनके योगदान तथा कई पीढ़ियों के बीच उनकी लोकप्रियता को याद किया। लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर, 1929 को हुआ था और उनका निधन छह फरवरी, 2022 को हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मंगेशकर सादगी और सौम्यता की प्रतीक थीं।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लता दीदी के सुरों में सहजता, स्थिरता और आत्मीयता की गहरी अनुभूति थी, जो हर श्रोता को मंत्रमुग्ध कर देती थी। अपनी आवाज के माध्यम से अनेक भाषाओं और बोलियों के संगीत को समृद्ध करने वाली लता दीदी अपने गीतों के जरिए देशवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मंगेशकर की आवाज ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई और वह पीढ़ियों की स्मृतियों का हिस्सा बन गई। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘लता दीदी की आवाज ने भारतीय संगीत को दुनियाभर में पहचान दिलाई और उनकी आवाज पीढ़ियों की स्मृतियों का हिस्सा बन गई।

देशभक्ति से ओतप्रोत उनके गीतों ने राष्ट्रीय भावनाओं को भी स्वर दिया। भारतीय संगीत और संस्कृति में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मंगेशकर की आवाज ने पीढ़ियों को भावनाओं की ऐसी दुनिया से जोड़ा, जहां प्रेम, भक्ति और देशभक्ति की भावनाएं एक साथ गूंजती थीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत की सुर साम्राज्ञी के रूप में सम्मानित मंगेशकर जी ने अपनी आवाज के जरिए देश की पीढ़ियों को भावनाओं की ऐसी दुनिया से जोड़ा, जहां प्रेम, भक्ति और देशभक्ति के सुर एक साथ गूंजते हैं।

उनकी आवाज सिर्फ गीतों में नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल में बसती है। उनका संगीत कालजयी है और उनकी विरासत हमेशा अमर रहेगी।’’
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी और उन्हें ‘‘स्वर कोकिला’’ बताते हुए याद किया कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने मंगेशकर को भारत की संगीत परंपरा की सशक्त अभिव्यक्ति बताया और उन्हें ‘‘स्वर साम्राज्ञी’’ कहा।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अपनी मधुर और अतुलनीय आवाज से लता दीदी ने भारतीय संगीत को दुनियाभर में एक नयी पहचान दी। उनकी आवाज आज भी पीढ़ियों के दिलों में गूंजती है। संगीत और कला के क्षेत्र में उनका अतुलनीय योगदान हमारी समृद्ध भारतीय सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है।’’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मंगेशकर के कालजयी गीतों ने संगीत की दुनिया में अतुलनीय विरासत छोड़ी है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संगीत की विरासत को समृद्ध करने में मंगेशकर के योगदान और उनकी ‘‘अतुलनीय गायन कला’’ को याद किया, जो इतिहास में हमेशा दर्ज रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि मंगेशकर की अनूठी आवाज भारत और दुनियाभर के संगीत प्रेमियों के दिलों में आने वाली सदियों तक गूंजती रहेगी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सुरों की कोकिला लता मंगेशकर जी की अतुलनीय और अनूठी आवाज भारत और दुनियाभर के संगीत प्रेमियों के दिलों में आने वाली सदियों तक हमेशा गूंजती रहेगी।

उनके सुरों ने संगीत की दुनिया में नई जान डालकर उसे समृद्ध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *