झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सीधी भर्ती परीक्षा का बुधवार को अंतिम दिन है। जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर कुल 22,848 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद अभ्यर्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंच गए और लंबी कतारों में लगकर चेकिंग प्रक्रिया से गुजरे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 11,424 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। आर्य कन्या इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते, मोजे और बेल्ट तक उतरवाकर जांच की जा रही है। वहीं महिला अभ्यर्थियों के बाल खुलवाकर भी चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाई जा सके।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी देखने को मिली, जबकि तेज धूप के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है।


