Lakhisarai में अशोक धाम के पास भगदड़ से 7 श्रद्धालुओं की मौत, 14 अन्य घायल

Lakhisarai में अशोक धाम के पास भगदड़ से 7 श्रद्धालुओं की मौत, 14 अन्य घायल

बिहार के लखीसराय जिले में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंदिर के समीप स्थित अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हुई।

सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे थे। लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गयी जबकि 14 अन्य घायल हो गए। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई।”
उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा बचाव एवं राहत कार्य जारी है।

सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारी मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लखीसराय के अशोक धाम में हुई घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को उचित और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *