केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हवाई संपर्क के विस्तार के मद्देनजर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने नुब्रा घाटी स्थित थॉइस हवाई अड्डे और कारगिल हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान परिचालन शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा की। लोक भवन के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सक्सेना ने नयी दिल्ली स्थित लद्दाख भवन में रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायुसेना, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और लद्दाख प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बैठक में थॉइस और कारगिल हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानों का परिचालन शुरू करने के लिए बुनियादी ढांचे, नियामकीय और संचालन संबंधी मुद्दों को दूर करने पर चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें: Ladakh विवाद: सुरक्षाकर्मियों के समर्थन में आए VK Singh और पूर्व सैन्य अधिकारी
प्रवक्ता ने कहा कि ये दोनों हवाई अड्डे रणनीतिक और सामाजिक-आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं तथा यहां से नागरिक उड़ानें शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा। बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने दोनों हवाई अड्डों में समयबद्ध तरीके से परिचालन शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थॉइस और कारगिल से उड़ान सेवाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेहतर क्षेत्रीय संपर्क और लद्दाख के समावेशी विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएंगी।
उन्होंने कहा कि इससे कारगिल, द्रास, तुरतुक और सियाचिन आधार शिविर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रवक्ता के अनुसार बैठक में भारतीय वायुसेना ने नुब्रा में नए नागरिक टर्मिनल के निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि आवंटित करने को मंजूरी दी। वहीं, रनवे के पुनर्निर्माण का काम नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसे भी पढ़ें: Ladakh में High Court पीठ की होगी स्थापना, अमित शाह बोले- दूर-दराज तक पहुंचेगा न्याय
उन्होंने बताया कि थॉइस हवाई अड्डे पर पुराने चार्टर्ड उड़ान टर्मिनल का नवीनीकरण करने के बाद दिसंबर से नागरिक उड़ान सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कारगिल हवाई अड्डे के संबंध में निर्णय लिया गया कि एक सितंबर को उपराज्यपाल की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त टीम हवाई अड्डे का निरीक्षण करेगी, ताकि नागरिक उड़ानों के संचालन की तैयारियों का आकलन किया जा सके।

