Kuku Kohli Passed Away: अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन, पड़ा था दिल का दौरा

Kuku Kohli Passed Away: अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन, पड़ा था दिल का दौरा

Aruna Irani Husband Passed Away: बॉलीवुड से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। मशहूर फिल्ममेकर और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार को 77 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। जैसे ही ये खबर आई सोशल मीडिया पर फैंस हैरान रह गए। लोग फिल्ममेकर को श्रद्धाजंलि देने लगे। कुकू कोहली के जाने से इंडस्ट्री में मातम छा गया है।

अचानक आया हार्ट अटैक, दोस्त अशोक पंडित ने की पुष्टि

पीटीआई के अनुसार , कोहली को थोड़ी बेचैनी महसूस हो रही थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कुकू कोहली की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि निर्देशक का निधन शाम करीब 4:30 बजे हुआ।

अजय देवगन के करियर को दी थी नई उड़ान

कुकू कोहली को मुख्य रूप से बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन को सिल्वर स्क्रीन पर लॉन्च करने के लिए याद किया जाता है। एक निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ (1991) बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। दो मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर अजय देवगन की आइकॉनिक एंट्री आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में बसी हुई है। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप मुख्य भूमिकाओं में थे।

इसके बाद उन्होंने 1994 में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सुहाग’ का निर्देशन किया, जिसमें पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी पर्दे पर एक साथ नजर आई। इसमें करिश्मा कपूर और नगमा भी मुख्य भूमिका में थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘कोहराम’, ‘हकीकत’ (1995), ‘ज़ुल्मी’ (1999), ‘अनाड़ी नंबर 1’ (1999) और ‘ये दिल आशिकाना’ (2002) जैसी कई यादगार और सफल फिल्मों का निर्देशन किया था।

परिवार में कौन-कौन?

कोहली ने फिल्म निर्माता राज कपूर के साथ काम करके अपने करियर की शुरुआत की थी। निर्देशन के साथ-साथ उन्होंने लेखक, संपादक और स्क्रीन राइटर के रूप में भी काम किया। उनके करियर में फिल्म निर्माण के कई पहलू शामिल थे। वहीं, कुकू कोहली की निजी जिंदगी की बात करें तो उनके परिवार में उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी हैं। इसके अलावा उनकी पहली पत्नी रीटा कोहली से उनकी दो बेटियां- पूजा और करिश्मा हैं।

कुकू कोहली के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ साल 2004 में सिनेमाघरों में आई थी। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बावजूद सिनेमा के प्रति उनका प्यार कभी कम नहीं हुआ। इसी साल जनवरी 2026 में उन्होंने अपनी सुपरहिट रोमांटिक फिल्म ‘ये दिल आशिकाना’ को सिनेमाघरों में री-रिलीज करने पर खुशी जताई थी और कहा था कि नई पीढ़ी को यह फिल्म बड़े पर्दे पर जरूर देखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *