Woman Died In Kota Govt Hospital: कोटा शहर के जेके लोन मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। महिला ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार खेड़ा रामपुर निवासी गंगोत्री बाई को प्रसव के लिए 8 अगस्त को जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई और उसने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था लेकिन कुछ समय बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
ये बोले परिजन
महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था और इलाज को लेकर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी रूम में मौजूद चिकित्सकों की ओर से प्रसूता की हालत पर उचित ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि समय पर सही उपचार और जरूरी चिकित्सा सहायता मिलती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत को लेकर डॉक्टरों को जानकारी थी, इसके बावजूद उपचार में लापरवाही बरती।
(खबर अपडेट की जा रही है।)

