पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरतवत मुखर्जी ने रविवार को कहा कि उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में जान गंवाने वाले 19 लोगों में से आधे से अधिक व्यक्तियों के शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है। शनिवार शाम बारिश के बीच भीड़ बढ़ने के कारण उत्तर कोलकाता के इस पंडाल में भगदड़ मचने से 25 अन्य लोग घायल हो गए। मुखर्जी ने कहा कि सभी 25 घायलों की हालत स्थिर है।
उन्होंने कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पत्रकारों से कहा, “आधे से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है।”
मृतकों में पड़ोसी राज्य बिहार के दो लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों मृतकों के शव उनके गृह स्थान भेजने की व्यवस्था की जा रही है। मुखर्जी ने कहा, “शवों को पुलिस की सुरक्षा के साथ वातानुकूलित शव वाहन में भेजा जाएगा।”
उन्होंने बताया कि 19 मृतकों में 13 महिलाएं और पांच व 13 साल के दो लड़के शामिल हैं।

