Kolkata में बाइक फिसलने के बाद रंगे फ्लाईओवरों पर लगाए गए road markers

Kolkata में बाइक फिसलने के बाद रंगे फ्लाईओवरों पर लगाए गए road markers

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता में इंद्रधनुषी रंगों से रंगे फ्लाईओवर पर सड़क संकेतक लगाए हैं और एक पुल की सतह को खुरदरा बनाया है। यह कदम बारिश के बाद फ्लाईओवर पर तीन मोटरसाइकिलों के कथित तौर पर फिसलने के बाद उठाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बुधवार को बारिश के बाद चिंरिघाटा फ्लाईओवर के रंगे हुए हिस्से पर तीन मोटरसाइकिल सवारों के फिसलकर गिरने का एक वीडियो एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हालांकि पीटीआई-भाषा इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि चिंरिघाटा फ्लाईओवर के इंद्रधनुषी रंगों से रंगे हिस्से पर 10 मीटर के अंतराल पर संकेतक लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गरियाहाट पुल की सतह को खुरदरा बनाया गया है, ताकि घर्षण बढ़े और हादसों को रोका जा सके। दुर्गा पूजा से पहले सौंदर्यीकरण पहल के तहत कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में कई सड़कों को इंद्रधनुषी रंगों से रंगा गया है। कुछ हिस्सों में ‘अल्पना’ की आकृतियां भी बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा था कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि हादसा सड़क पर रंग किए जाने के कारण हुआ। वहीं, शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि फिसलन रोकने वाले रंगों का इस्तेमाल किया गया था। पॉल ने कहा था कि संबंधित अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया था कि यदि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी होती है, तो वैकल्पिक उपायों पर विचार किया जाएगा।

हालांकि, बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा कि प्रशासन मोटरसाइकिलों के फिसलने के कारण का पता नहीं लगा सका है। हालांकि, वायरल वीडियो में तीन मोटरसाइकिलों को फिसलते हुए देखा गया, लेकिन मंत्री ने दावा किया कि हादसे में दो दोपहिया वाहन शामिल थे। उन्होंने कहा, “बताया जा रहा है कि कल एक फ्लाईओवर पर दो मोटरसाइकिलें फिसल गई थीं, लेकिन हम निश्चित रूप से नहीं कह सकते कि इसकी वजह क्या थी।

विभिन्न कारणों से वाहन फिसल सकते हैं।”
मंत्री ने कहा कि यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि हादसे सड़क पर रंग किए जाने के कारण हुए। पॉल ने कहा, “…वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच की है। चिंरिघाटा फ्लाईओवर पर ‘कैट्स आई’ सड़क संकेतक लगाए गए हैं और घर्षण बढ़ाने तथा ऐसे हादसों को रोकने के लिए गरियाहाट पुल की सतह को खुरदरा बनाया गया है।”
इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने कहा, “अगर आपको इसे हटाना ही था, तो आपने बचकाने तरीके से ऐसा अवैज्ञानिक और खतरनाक रंग क्यों लगाया?”
पॉल ने घोष पर सौंदर्यीकरण अभियान का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि यह अभियान कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) परियोजना का हिस्सा था। उन्होंने कहा, “घोष, जो पोंजी घोटाले के आरोपी थे, उन्हें सरकार पर सौंदर्यीकरण के नाम पर पैसे बर्बाद करने का झूठा आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है।”
विपक्षी कांग्रेस, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को दुर्गा पूजा से पहले सौंदर्यीकरण अभियान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा था। दुर्गा पूजा राज्य का सबसे बड़ा त्योहार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *