Kolhapur: सहेली चिल्लाती रही, बचाने दौड़ी, पर ईयरबड बना काल! ट्रेन की टक्कर से 30 फीट हवा में उछली अनुष्का

Kolhapur: सहेली चिल्लाती रही, बचाने दौड़ी, पर ईयरबड बना काल! ट्रेन की टक्कर से 30 फीट हवा में उछली अनुष्का

Train Accident: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के हातकणंगले में एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। रेलवे ट्रैक के पास अपनी दो सहेलियों के साथ चल रही छात्रा को धनबाद एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह हवा में लगभग 30 फीट उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटे लगी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मृतक छात्रा की पहचान इचलकरंजी निवासी अनुष्का संतोष पोवार के रूप में हुई है। घटना बुधवार सुबह हातकणंगले रेलवे स्टेशन के पास हुई। अनुष्का दोनों कानों में ब्लूटूथ ईयरबड्स लगाकर अपनी सहेलियों के साथ रेलवे ट्रैक के पास चल रही थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही धनबाद एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी।

सहेलियों की आंखों के सामने घटा खौफनाक मंजर

जानकारी के मुताबिक, अनुष्का अपनी दो सहेलियों के साथ हातकणंगले ग्रामीण अस्पताल के सामने रहने वाली एक दोस्त से मिलने आई थी। सुबह करीब 11 बजे तीनों रेलवे ट्रैक के किनारे से आगे बढ़ रही थीं। अनुष्का आगे चल रही थी, जबकि उसकी दोनों सहेलियां उससे करीब 20 से 30 फीट पीछे थीं।

इसी दौरान पीछे से धनबाद एक्सप्रेस आ रही थी। सहेलियों ने ट्रेन को आते देखा और अनुष्का को बचाने के लिए चिल्लाते हुए उसकी ओर दौड़ने की कोशिश की। लेकिन अनुष्का तक पहुंचने से पहले ही ट्रेन की चपेट में आ गई।

हादसा इतना भीषण था कि अनुष्का को ट्रेन की जोरदार टक्कर लगी और वह काफी दूर जा गिरी। उसे सिर में गंभीर चोट आईं थी। हादसे का भयावह दृश्य देखकर उसकी सहेलियां सदमे में आ गईं और कथित तौर पर कुछ समय के लिए बेहोश हो गईं।

अनुष्का के दोनों कानों में ब्लूटूथ ईयरबड्स लगे हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईयरबड्स के कारण उसे पीछे से आ रही ट्रेन की आवाज और सहेलियों की चेतावनी सुनाई नहीं दी होगी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही हातकणंगले ग्रामीण अस्पताल के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच, होश में आने के बाद सहेलियों ने हादसे की पूरी सच्चाई बताई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद हातकणंगले पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हातकणंगले पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *