Kochi Synagogue के पास आगजनी: आरोपी एबिन पॉल को पांच दिन की Police Custody

Kochi Synagogue के पास आगजनी: आरोपी एबिन पॉल को पांच दिन की Police Custody

कोच्चि की एक अदालत ने केरलम के एर्णाकुलम मार्केट में एक यहूदी प्रार्थनास्थल के पास आगजनी के मामले में एक आरोपी को बृहस्पतिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एर्णाकुलम के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिरामी ए. ने निकटवर्ती पुथेनक्रूज के निवासी एबिन पॉल (32) को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। याचिका की सुनवाई के दौरान पॉल के वकील ने अदालत को बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह दवाएं ले रहा है।

वकील ने अनुरोध किया कि पुलिस हिरासत के दौरान पॉल को अपनी दवाएं लेने की अनुमति दी जाए। सरकारी अभियोजक ने अदालत को बताया कि आरोपी के अन्य लोगों से संबंधों और अपराध के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। अभियोजक ने यह भी कहा कि पॉल कथित तौर पर मुवाट्टुपुझा में पुरानी कारों के एक शोरूम में इसी तरह की आगजनी की घटना में शामिल था।

उस मामले से संबंधित जानकारियां भी जुटाई जानी हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया और पुलिस को हर 48 घंटे में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। यह घटना 12 अक्टूबर को तड़के करीब दो बजकर 30 मिनट पर हुई थी।

एर्णाकुलम मार्केट में कडवुभागम यहूदी प्रार्थनास्थल के सामने स्थित ब्लॉसम नर्सरी में आग लगा दी गई थी। यह इलाका कोच्चि सेंट्रल पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। जांच के अनुसार, आरोपी नीले रंग की कार से घटनास्थल पर पहुंचा, वाहन से उतरा, नर्सरी पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।

आरोप है कि वहां से भागने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी अज्ञात व्यक्ति के निर्देश पर निर्धारित ठिकानों को निशाना बनाता था, घटनाओं का वीडियो बनाता था और इसके बदले पैसे लेकर फुटेज भेजता था। पुलिस ने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या भुगतान क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से किया जाता था।

आरोपी के फोन से मिले संदेशों में कथित तौर पर भारत के विभिन्न शहरों में यहूदी प्रार्थनास्थलों और उन पर हमलों का उल्लेख था। जांचकर्ता संदेशों के आदान-प्रदान में शामिल लोगों की पहचान, आरोपी के साथ उनके संबंधों और इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या आगजनी किसी संगठित अभियान का हिस्सा थी। जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर एर्णाकुलम ग्रामीण पुलिस ने पुथेनक्रूज स्थित आरोपी के किराये के मकान की तलाशी ली और हेरोइन, फेंटानिल, ऑक्सीकोडोन, अल्प्राजोलम तथा केटामाइन सहित कई पदार्थ जब्त किए।

पुलिस ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियां भी इस मामले में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के संदेह से जुड़ी जानकारियों की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *