लक्षद्वीप से कोच्चि जा रहे जहाज में नौ वर्षीय बच्ची का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक मदरसा शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान लक्षद्वीप के रहने वाले सैयद मोहम्मद नौफल के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि कोच्चि की यात्रा के दौरान हुई इस कथित घटना के सिलसिले में शनिवार को मामला दर्ज किया गया। बच्ची अपनी मां के साथ यात्रा कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, तबीयत खराब होने के कारण मां आराम कर रही थी।
इसी दौरान आरोपी ने जहाज से सुंदर नजारे दिखाने का लालच देकर बच्ची को अपने पास बुलाया। उन्होंने बताया कि बाद में वह उसे जहाज के एक सुनसान हिस्से में ले गया और कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया। घटना के बारे में बच्ची ने अपनी मां को बताया, जिसके बाद उन्होंने जहाज के सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी।
सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, जहाज के कोच्चि पहुंचने पर नौफल को फोर्ट कोच्चि तटीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

