Kim Jong Un Birth Anniversary: किम जोंग उन अपनी सख्त नीतियों और सैन्य शक्ति के कारण दुनिया के सबसे चर्चित नेताओं में गिने जाते हैं। वहां की सरकार अपने नेता के बारे में बहुत कम जानकारी सार्वजनिक करती है। चाहे उनकी उम्र हो या उनकी शिक्षा, हर चीज को एक राज बनाकर रखा गया है। आज यानि 8 जनवरी को किम जोंग उन अपना 43वां जन्मदिन मना रहे है। आइए जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी कुछ अनसुनी कहानियां।
Baekdu Dynasty History: सत्ता का इतिहास और बेकडू वंश
उत्तर कोरिया में शासन की शुरुआत किम इल सुंग ने की थी। उन्होंने वहां साम्यवादी राष्ट्र की नींव रखी और 1948 से 1994 तक देश के सर्वोच्च नेता रहे। उनके बाद सत्ता की बागडोर उनके बेटे किम जोंग इल ने संभाली। किम जोंग इल ने 1994 से 2011 तक देश पर शासन किया। उनके निधन के बाद किम जोंग उन देश के नए लीडर बने जो 2011 से अब तक सत्ता में काबिज हैं। किम जोंग उन का जन्म आज ही के दिन यानी 8 जनवरी, 1982 को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में हुआ था।
Kim Jong Un Education: स्विट्जरलैंड के स्कूल में पहचान छिपाकर की पढ़ाई
किम जोंग उन के जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प पहलू उनकी शिक्षा है। उनकी शुरुआती पढ़ाई को लेकर कई हैरान करने वाले खुलासे होते रहे हैं। जब वह 16 साल के थे तब उन्हें पढ़ाई के लिए स्विट्जरलैंड भेजा गया था। उन्होंने वहां के लिबेफेल्ड स्टेनहोल्जी स्कूल में साल 1998 से 2000 तक पढ़ाई की। खास बात यह है कि वहां उन्होंने अपनी असली पहचान छिपाकर रखी थी। स्कूल के रिकॉर्ड में उनका नाम पाक उन या उन पाक दर्ज था और उन्हें उत्तर कोरियाई दूतावास के एक एम्प्लॉई का बेटा बताया गया था। उनके क्लासमेट्स को लंबे समय तक पता ही नहीं चला कि उनके साथ पढ़ने वाला यह लड़का एक शक्तिशाली तानाशाह का बेटा है।
Kim Jong Un Biography: पढ़ाई से ज्यादा खेल और फिल्मों में रुचि
किम जोंग उन स्कूल के दिनों में पढ़ाई में बहुत ज्यादा अच्छे नहीं थे। वह अक्सर स्कूल से गायब रहते थे। जानकारी के मुताबिक वह पहले साल 75 दिन और दूसरे साल 105 दिन क्लास में नहीं पहुंचे थे। उनके साथ पढ़ने वाले सहपाठियों ने बाद में एक इंटरव्यू में बताया था कि, बचपन में किम जोंग उन काफी शर्मीले स्वभाव के थे। किम जोंग उन को बास्केटबॉल और कंप्यूटर गेम्स खेलने का बहुत शौक था। वह खाली समय में ड्रॉइंग भी करते थे। वह मशहूर अभिनेता जैकी चेन के बहुत बड़े फैन थे और उनकी फिल्में देखना पसंद करते थे। शिक्षा की बात करें तो उनके पास दो डिग्रियां हैं। उन्होंने किम द्वितीय संग यूनिवर्सिटी से फिजिक्स में डिग्री ली है और किम इल सुंग मिलिट्री यूनिवर्सिटी से आर्मी ऑफिसर की डिग्री हासिल की है।


