Karauli में 16 बीघा जमीन के विवाद में वृद्ध पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या, चार नामजद

Karauli में 16 बीघा जमीन के विवाद में वृद्ध पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या, चार नामजद

जयपुर, आठ अक्टूबर राजस्थान के करौली जिले में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार को गढ़मोरा गांव में हुई।

मृतक की पहचान 75 वर्षीय मनोहरलाल मीणा के रूप में हुई है। घटना में उसकी पुत्रवधू भी घायल हुई और उसके पैर में ‘फ्रैक्चर’ हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल जांगिड़ ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद के दौरान आरोपी शिवराम ने अपने बड़े भाई मनोहरलाल मीणा पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

गंभीर रूप से घायल मनोहरलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पुत्रवधू ने शिवराम, उसकी पत्नी धनवाई, बेटे देवेंद्र और बेटी संतोष कुमारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि मनोहरलाल समेत कुल तीन भाई थे।

मनोहरलाल के दूसरे नंबर के भाई की शादी नहीं हुई थी और उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन उनके हिस्से की 16 बीघा जमीन काफी दिनों से खाली पड़ी थी। उसी खाली जमीन को जोतने के लिए शिवराम खेत पर गया था। मृतक के बेटे नमोनारायण मीणा ने आरोप लगाया कि जमीन को लेकर शिवराम लंबे समय से उनके परिवार को धमकाता रहा था और पुलिस में बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में बृहस्पतिवार को तीन से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *