Kanpur News:नारी शक्ति वंदन अधिनियम: महिलाओं को मिलेगा 33% हक, बदल जाएगी राजनीति की तस्वीर

Kanpur News:नारी शक्ति वंदन अधिनियम: महिलाओं को मिलेगा 33% हक, बदल जाएगी राजनीति की तस्वीर

कानपुर देहात के माती स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को लेकर नेताओं ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया। राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाध्यक्ष रेणुका सचान और विधायक पूनम शंखवार ने कहा कि यह कानून देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने बताया कि इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त रूप से भागीदारी निभा सकेंगी। नेताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए केंद्र सरकार के इस फैसले की सराहना की।

राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं के आत्मविश्वास और उनकी राजनीतिक भागीदारी को नई ऊंचाई देगा। उनके अनुसार, जब महिलाएं नेतृत्व में आती हैं तो परिवार, समाज और देश का संतुलित व तेज विकास सुनिश्चित होता है। बीते एक दशक में करोड़ों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। यह अधिनियम उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का मजबूत अवसर प्रदान करेगा और देश के समग्र विकास को नई दिशा देगा।

उन्होंने बताया कि 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खुलने से वित्तीय समावेशन मजबूत हुआ है। मुद्रा योजना में बड़ी संख्या में महिलाओं को स्वरोजगार मिला है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों घरों में गैस कनेक्शन पहुंचा है। जल जीवन मिशन के जरिए गांव-गांव नल से जल पहुंचने से महिलाओं को रोजमर्रा की कठिनाइयों से राहत मिली है।

जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को घर का स्वामित्व देना उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से राजनीति में नई ऊर्जा आएगी और निर्णय अधिक संवेदनशील व समावेशी होंगे।विधायक पूनम शंखवार ने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए कहा कि भारत का भविष्य महिला नेतृत्व पर आधारित होगा।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब महिलाएं हर स्तर पर नेतृत्व करेंगी।प्रेस वार्ता में कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अधिनियम का समर्थन किया। उनका मानना है कि यह कानून आने वाले समय में राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदल देगा, जिससे देश में महिलाओं की भागीदारी एक नए युग की शुरुआत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *