Jewellery Stocks Down: सोने की कीमतों में नरमी और मुनाफावसूली ने मंगलवार को ज्वैलरी कंपनियों के शेयरों की चमक फीकी कर दी। कारोबार के दौरान कल्याण ज्वैलर्स के शेयर करीब 7 फीसदी तक टूट गए। बीएसई पर दोपहर 2 बजे कंपनी का शेयर 6.83 फीसदी की गिरावट के साथ 572.45 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। पीसी ज्वैलर्स का शेयर इस समय 6.81 फीसदी गिरकर 10.26 रुपये पर आ गया। ऑगमोंट एंटरप्राइजेज का शेयर करीब 6 फीसदी टूटकर 850 रुपये तक गिर गया। वहीं, टाइटन कंपनी के शेयर में करीब 2 फीसदी की गिरावट देखी गई।
ज्वैलरी शेयरों में यह कमजोरी ऐसे समय आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से जरूरत न होने पर सोना नहीं खरीदने की अपील की है। बाजार में इसे लेकर भी चर्चा रही। हालांकि, शेयरों में गिरावट की एक बड़ी वजह सोने की कीमतों में आई नरमी और निवेशकों की मुनाफावसूली भी रही।


पीएम मोदी ने क्या की अपील?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो संदेश में लोगों से स्वदेशी चीजों को अपनाने और घरेलू खपत को बढ़ावा देने की बात कही थी। उन्होंने विदेश में घूमने और विदेश में शादी करने से बचने की अपील के साथ ही कहा कि अगर जरूरत नहीं है, तो सोना खरीदने से परहेज करना चाहिए। पीएम मोदी ने ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र देते हुए लोगों से भारत में ही शादी करने को बढ़ावा देने की बात कही। उनका जोर इस बात पर था कि देश के भीतर होने वाला खर्च और खरीदारी भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद कर सकती है।
सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, सोने की बड़ी मात्रा में खरीदारी का असर देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर भी पड़ता है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में अगर गैर-जरूरी सोने की खरीद कम होती है तो आयात का दबाव घट सकता है। इसका फायदा विदेशी मुद्रा बचाने और रुपये को सहारा देने में मिल सकता है।
हालांकि, ज्वेलरी शेयरों में मंगलवार की गिरावट को केवल प्रधानमंत्री की अपील से जोड़ना सही नहीं होगा। सोने की कीमतों में बदलाव और निवेशकों की मुनाफावसूली भी बाजार की चाल को प्रभावित कर रही है।
सोने-चांदी की घरेलू वायदा कीमतों में आई गिरावट
सोने-चांदी की घरेलू वायदा कीमतों में मंगलवार दोपहर गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स एक्सचेंज पर दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाला सोना 0.79 फीसदी या 1222 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,238 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी इस समय 0.86 फीसदी या 2058 रुपये की गिरावट के साथ 2,38,063 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखी।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

