Piyush Mishra Support JPSC JSSC protest Ranchi: दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद अब झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इसके सपोर्ट में स्वरा भास्कर, सोनाक्षी सिन्हा पोस्ट कर चुके हैं। अब इस लिस्ट में फेमस बॉलीवुड अभिनेता, गीतकार और गायक पीयूष मिश्रा भी सपोर्ट में उतर आए हैं। पीयूष मिश्रा ने आंदोलन में शामिल होकर छात्रों के दर्द और संघर्ष के लिए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
छात्रों के दर्द को देखकर पहुंचे पीयूष मिश्रा
आंदोलन स्थल पर पहुंचे पीयूष मिश्रा ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक या अन्य उद्देश्य से नहीं, बल्कि छात्रों के दर्द को देखकर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे थे, जिसमें उनकी आंखों में आंसू और बेबसी साफ दिखाई दे रही थी। युवाओं से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह युवाओं के लिए ही गाते और अभिनय करते हैं, इसलिए संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होना उनका फर्ज है।
पीयूष मिश्रा ने दी प्रदर्शनकारियों को वित्तीय मदद
पीयूष मिश्रा ने आगे बताया, “छात्रों के इस लंबे आंदोलन को देखते हुए मेरी तरफ से भोजन, तिरपाल और वित्तीय सहायता पहले ही मुहैया कराई जा चुकी है और अपनी क्षमता के अनुसार मैं आगे भी छात्रों की हरसंभव मदद करूंगा।” वहीं, प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और अधिक ऊर्जावान हो गया जब पीयूष मिश्रा ने अपनी 2009 की मशहूर फिल्म ‘गुलाल’ का क्रांतिकारी गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ गाया। इस गाने के बोलों ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों में नया जोश और हिम्मत भर दी।
बॉलीवुड कंपोजर अंकुर पाठक ने भी किया सपोर्ट
शुक्रवार को बॉलीवुड सिंगर और कंपोजर अंकुर आर पाठक भी इस आंदोलन का हिस्सा बने। उन्होंने ANI से बात करते हुए कहा कि आज जो छात्र सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, वही कल देश के आईएएस, आईपीएस, विधायक या मुख्यमंत्री बनेंगे।
अंकुर पाठक ने देशभर के लोगों से अपील की कि वह आगे आए और इन छात्रों के भविष्य को बचाने के लिए उनका समर्थन करें। बता दें कि रांची में JPSC और JSSC के अभ्यर्थी परीक्षा प्रणाली में सुधार और कथित गड़बड़ियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

